चंदौली जिले के चहनियां क्षेत्र के महड़ौरा गांव निवासी ग्राम प्रधान रहे मनोज यादव हत्याकांड के मामले में परिजन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। सोमवार को हत्यारों की गिरफ्तारी व मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग को लेकर मृतक की पत्नी समेत परिजन पुलिस अधीक्षक और पुलिस लाइन गेट के सामने धरना पर बैठ गए हैं।
विज्ञापन
परिजनों के धरने पर बैठने से महकमे में खलबली मच गई। आरोप है कि पुलिस अभियुक्तगण की सिफारिश पर मुकदमे को गैर जनपद स्थानांतरित कर चुकी है। ऐसा करने से पुलिस आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रही है। परिजनों का कहना है कि अगर पुलिस का रवैया नहीं बदला तो वह आत्मदाह करने को विवश होंगे।
नौ अप्रैल को महड़ौरा ग्राम प्रधान मनोज यादव की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। परिजनों की तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर सात लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। लेकिन बाद में अभियुक्तगण की सिफारिश पर मुकदमे को मिर्जापुर जिले में स्थानांतरित कर दिया गया।
आरोप लगाया कि हत्यारे सत्तापक्ष से जुड़े हुए हैं, इसलिए पुलिस जानबूझकर उन्हें बचाने की कोशिश कर रही है। इसी उद्देश्य से मुकदमा ट्रांसफर कर दिया गया। चेताया कि यदि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई, तो पुलिस लाइन के सामने आत्मदाह किया जाएगा।