वाराणसी के चोलापुर क्षेत्र के एक गांव में प्रेमिका ने फोन पर बातचीत करने से मना कर दी तो नाराज प्रेमी ने उसे चाकू मार कर घायल कर दिया। घायल प्रेमिका को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, प्रकरण को लेकर गरथमा गांव निवासी आशीष कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चोलापुर थाने की पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
चोलापुर थाना क्षेत्र के एक गांव की विवाहिता और गरथमा गांव निवासी आशीष एक-दूसरे से प्रेम करते थे। दोनों के बीच फोन पर लंबी बातचीत होती थी। किसी बात को लेकर दोनों के बीच अनबन हो गई तो विवाहिता ने आशीष से बातचीत बंद कर दिया। आरोप है कि इससे नाराज आशीष ने विवाहिता को धमकाया कि यदि वह बात नहीं करेगी तो वह चाकू मार कर उसकी जान ले लेगा। इस पर विवाहिता ने कहा कि हिम्मत है तो चाकू मार कर दिखाओ।
बताया जाता है कि इससे गुस्साया आशीष बाइक लेकर बृहस्पतिवार की रात विवाहिता के गांव पहुंच गया और उसके घर से बाहर निकलने का इंतजार करने लगा। रात में विवाहिता शौच के लिए घर से बाहर निकली तभी आशीष उस पर चाकू से हमला कर दिया। घायल विवाहिता चीखी तो उसके परिजन और आसपास के लोग दौड़े। इस बीच आशीष बाइक स्टार्ट कर मौके से भाग निकला। विवाहिता ने परिजनों को आपबीती सुनाई तो उसे चोलापुर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। थानाध्यक्ष चोलापुर ने बताया कि आरोपी युवक की तलाश की जा रही है।