लोकसभा चुनाव में वाराणसी से लगातार तीसरी बार भाजपा प्रत्याशी के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मैदान में उतरेंगे। पिछले 10 साल में पीएम मोदी ने बतौर सांसद 43 बार अपने संसदीय क्षेत्र का दौरा किया है। पूर्वांचल से बिहार और पूर्वी भारत तक की सियासत को पीएम मोदी के जरिये भाजपा वाराणसी से ही साधने का प्रयास करेगी।
आजादी के बाद यह पीएम मोदी के सामने उस रिकाॅर्ड की बराबरी का भी मौका होगा, जब काशी से लगातार तीन बार सांसद हो सकते हैं। इससे पहले कांग्रेस के रघुनाथ सिंह और भाजपा के शंकर प्रसाद जायसवाल के लगातार तीन बार वाराणसी सांसद का रिकाॅर्ड है।
वाराणसी सीट पर पीएम मोदी से पहले भाजपा के दिग्गज नेता मुरली मनोहर जोशी का कब्जा था। 2014 में भाजपा ने प्रधानमंत्री पद के प्रत्याशी नरेंद्र मोदी को वाराणसी सीट से उतारकर देश भर में हिन्दुत्व के मसले को साधा था। तब आप आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने वाराणसी सीट से चुनाव लड़ा था। मोदी ने 3 लाख से ज्यादा वोटों से जीत हासिल की थी। केजरीवाल 2 लाख वोटों के साथ दूसरे नंबर पर रहे थे।