नगर निगम कार्यालय में संभव के तहत होने वाली जनसुनवाई में बुधवार को नगर आयुक्त प्रणय सिंह को फरियादियों ने समस्याएं बताईं। इस दौरान अतिक्रमण और बिना किसी नाव के लाइसेंस जारी करने आदि समस्याएं आईं। नगर आयुक्त प्रणय सिंह ने समस्याओं से जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।
सुंदरपुर निवासी सोमारू ने शिकायत किया कि उनके पड़ोसी ने उनके घर के सामने बने सड़क एवं सार्वजनिक कुआं के आसपास अतिक्रमण कर लिया है। आने-जाने में परेशानी होती है। बताया कि 20 फीट की सड़क अब आठ फीट की हो गई है। इससे पहले दो बार इसकी शिकायत कर चुके हैं। उसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
वहीं मणिकर्णिका घाट निवासी रमेश चंद्र श्रीवास्तव ने शिकायत किया कि जलासेन घाट व मणिकर्णिका घाट के आसपास रहने वाले कुछ लोगों को बिना नाव के ही लाइसेंस जारी कर दिया गया है। वहीं जिनको जरूरत है उन्हें लाइसेंस जारी नहीं किया जा रहा है। इस बारे में दो बार शिकायत की गई। लेकिन अभी तक समस्या का कोई समाधान नहीं निकाला गया।