उत्तर प्रदेश रियल एस्टेट विनियमन एवं विकास अधिनियम (यूपी रेरा) के आदेश पर अग्रणी होम्स की 17 जमीन की नीलामी की जाएगी। यह कार्रवाई बकायेदारी का भुगतान न करने के आरोप में की जा रही है। इसके जरिये 30.46 करोड़ रुपये जुटाए जाएंगे, फिर धनराशि रेरा के बैंक एकाउंट में भेजी जाएगी।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व एसडीएम सदर सार्थक अग्रवाल ने कहा कि रेरा ने अग्रणी होम्स प्राइवेट लिमिटेड से वसूली के लिए प्रमाण पत्र जारी किया है। इसमें केशरीपुर की जमीन की नीलामी कर वसूली के आदेश शामिल हैं। बकायेदारी की अदायगी के लिए अग्रणी होम्स को तीन जनवरी तक का समय दिया गया था, लेकिन कुछ नहीं हो सका। अब जमीन को नीलाम करने का फैसला हुआ है। 18 जनवरी को सदर तहसील में सुबह 11 बजे से नीलामी होगी। इसकी जानकारी अग्रणी होम्स के निदेशक को दी गई है। वह चाहें तो बकाया धनराशि जमा करके नीलामी रुकवा सकते हैं।