वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि महाशिवरात्रि में देश भर के लोग काशी आएंगे। हमें इसी भाव से शिवरात्रि पर हर श्रद्धालु की सेवा करनी है। काशी भारत की संस्कृति की राजधानी रही है। काशी विश्वनाथ धाम आज हमारी पहचान बनकर खड़ा है। बाबा दरबार और मां गंगा जुड़ गए हैं। उन्होंने अपील कि ऐसे में इस मौके पर देशभर में काशी की सेवा का संदेश जाए।
पीएम ने कहा कि भाजपा संगठन कार्यकर्ताओं से चलती है। कोरोना काल में पार्टी ने सेवा ही संगठन अभियान चलाया। भाजपा का कार्यकर्ता जनता की सेवा करता रहा। घर घर दवाई और मास्क बांटें। बनारस में विदेशी नागरिकों को भी कार्यकर्ताओं ने कोई कमी नहीं होने दी। उन्होंने कहा, सैचुरेशन यानि हकदार का शत प्रतिशत लाभ पहुंचना चाहिए और समाज की आखिरी पंक्ति तक लाभ मिलना चाहिए। काशी में आस्था और अवसर भी है। अपने साथ विकास संभावनाएं लाता है। अपराध को उद्योग मानने वाले संभावनाओं को सांप्रदायिक चश्मे से देखते हैं। उन्होंने सेवा के लिए वहां मौजूद कार्यकर्ताओं से सहमति भी ली।