बता दें कि सीआईएसएफ ने विश्वनाथ मंदिर परिसर के नए सुरक्षा ड्राफ्ट में मोबाइल ले जाने की अनुमति दी है। इससे श्रद्धालुओं का उत्पीड़न बंद होगा और बाहर के दुकानदारों की मनमानी भी खत्म हो जाएगी। ट्रायल के दौरान मंदिर प्रशासन के अधिकारी, सीआरपीएफ, पुलिस और पीएसी के अधिकारी तथा जवान मौजूद रहे।
हर गेट पर अलग-अलग है प्रसाद के दाम
काशी विश्वनाथ धाम के बाहर कहीं 500 रुपये तो कहीं 150 सौ रुपये की डलिया मिल रही है। नि:शुल्क मोबाइल रखने का लालच देकर दुकानदारों के प्रतिनिधि आसानी से ग्राहकों को फांस लेते हैं। दर्शन करने के बाद जब ग्राहक को दाम देने की बात आती है तो रोजाना तकरार होती है।
श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की जेब सबसे अधिक गेट नंबर चार और गेट नंबर दो पर ही काटी जा रही है। पुलिस प्रशासन के साथ बैठक के बाद श्री काशी विश्वनाथ गली व्यापार मंडल ने अपने प्रसाद के दाम तय कर लिए हैं और सोमवार को इसे प्रशासन के सामने भी रखा जाएगा।
पढ़ें: काशी विश्वनाथ मंदिर के बाहर मनमानी कीमत पर माला-फूल-प्रसाद बेचने वालों की खैर नहीं, पुलिस ने चेताया
बाबा विश्वनाथ का दर्शन करने देश भर से आ रहे श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय दुकानदारों की मनमानी अनवरत जारी है। गेट नंबर चार और गेट नंबर दो पर श्रद्धालुओं से प्रसाद के मनमाने दाम लिए जाते हैं। गेट नंबर चार, गेट नंबर दो और ढुंढिराज गणेश वाली गली के दुकानों पर प्रसाद के दाम में काफी अंतर है। ढुंढिराज गणेश पर जो 150 रुपये की डलिया मिलती है उसका गेट नंबर चार पर दाम 300 रुपये से अधिक है।
शनिवार को श्री काशी विश्वनाथ गली व्यापार मंडल के नवीन गिरि, अजय तिवारी पे पदाधिकारियों के साथ बैठक करके प्रसाद की सूची निर्धारित कर दी। महामंत्री कमल तिवारी ने बताया कि ढुंढिराज, कोतवालपुरा और साक्षी विनायक के दुकानदारों के लिए रेट लिस्ट निर्धारित की गई है। इसको पुलिस प्रशासन के सामने रखा जाएगा और वहां से स्वीकृति मिलते ही इसे लागू कर दिया जाएगा।