देश की आध्यात्मिक चेतना का केंद्र काशी विश्वनाथ कॉरिडोर अब आर्थिक विकास की धुरी बन गया है। दो वर्ष पहले दिसंबर 2021 में जब काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का उद्घाटन किया गया। उस समय तक करीब 69 लाख लोगों ने काशी विश्वनाथ के दर्शन किए।
पुनर्वास का एक भी मामला अदालत में लंबित नहीं
कॉरिडोर के लिए जिन 300 संपत्तियों का अधिग्रहण किया गया उनसे जुड़े 1,400 दुकानदारों, किरायेदारों और घर मालिकों का पुनर्वास भी हो चुका है और वे भी काशी के बढ़ते वैभव के साथ समृद्धि हासिल कर रहे हैं। अहम यह है कि अधिग्रहण और पुनर्वास से जुड़ा अब एक मामला अदालत में लंबित नहीं है।
काशी लगातार समृद्ध हो रही : पीएम मोदी
पीएम नरेंद्र मोदी ने जब कॉरिडोर का उद्घाटन किया था, तो कहा था कि विश्वनाथ धाम सिर्फ एक भव्य इमारत नहीं है। यह सनातन संस्कृति, हमारी आध्यात्मिक आत्म और भारत की प्राचीनता, परंपराओं, ऊर्जा व गतिशीलता का प्रतीक है। बृहस्पतिवार को पीएम ने कॉरिडोर की दूसरी वर्षगांठ पर कहा, काशी लगातार समृद्ध हो रही है, बुनियादी ढांचे, संस्कृति, पर्यटन, वाणिज्य, नवाचार और अन्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति की नई ऊंचाइयों को छू रही है।