वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी देश में ट्रिपल एस यानी सुशासन, सुरक्षा और समृद्धि की गारंटी हैं। विकसित भारत के सपने को साकार करने का जज्बा भी है। देशवासियों के साथ ही दुनिया भारत की तरफ आशा भरी नजरों से देख रही है।
मुख्यमंत्री दो दिवसीय दौरे पर बृहस्पतिवार की देर शाम काशी आए और 17-18 दिसंबर को पीएम मोदी के कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी ली। मिर्जामुराद स्थित किसान इंटर कॉलेज में विकसित भारत संकल्प यात्रा में शामिल हुए और कहा कि मोदी गारंटी वैन वाराणसी में जन जागरण अभियान का कार्य कर रही है। काशीवासियों का सौभाग्य है कि 2014 में ऐसी विभूति को लोकसभा में भेजा, जो देश के प्रधानमंत्री हैं। वैश्विक लीडर बनकर दुनिया का मार्गदर्शक कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पीएम मोदी के संकल्पों की काशी है। श्री काशी विश्वनाथ धाम हो या फिर गंगा घाटों सुंदरीकरण, सारे कार्य तेजी के साथ आगे बढ़ रहे हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री ने किसान इंटर कॉलेज के संस्थापक यशपाल सिंह और विजय बहादुर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस मौके पर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल, दयाशंकर मिश्र दयालु, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, विधायक टी राम, जिला अध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, जिलाधिकारी एस राजलिंगम सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
अपनी जुबानी, अपनी कहानी सुनाएं लाभार्थी
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों को सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है, वह अपनी जुबानी अपनी कहानी अभियान चलाएं। ताकि सरकारी योजनाओं से वंचित लोग भी लाभ उठा सकें। मोदी गारंटी वैन जहां-जहां भी पहुंचे, वहां लाभार्थियों के वीडियो के जरिये सफलता की कहानी दिखाई जाए। पहले सरकार की योजना का लाभ लोगों को चूरन के रूप में मिलता था, जो गले में ही सूख जाता था। बंदरबांट और भ्रष्टाचार होता था। प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी ने भ्रष्टाचार को समाप्त कर दिया है।