विद्यापीठ का दीक्षांत समारोह 25 सितंबर को
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ का दीक्षांत समारोह 25 सितंबर को होगा। राजभवन ने यह तिथि निर्धारित कर विश्वविद्यालय को भेज दी। यह विश्वविद्यालय का 46वां दीक्षांत समारोह होगा। इस पर छात्र-छात्राओं को उपाधियां और मेडल दिए जाएंगे।
काशी विद्यापीठ की कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि दीक्षांत के लिए कोर कमेटी गठित कर दी गई है। जल्द ही उसकी बैठक कर दीक्षांत के आयोजन की आगामी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
काशी विद्यापीठ: अब 15 अगस्त तक ले सकेंगे स्नातक-परास्नातक में दाखिला
काशी विद्यापीठ के गंगापुर परिसर में संचालित स्नातक-परास्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए अब 15 अगस्त तक आवेदन किए जा सकते हैं। इससे पहले आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई रखी गई थी।
पीजी में आवेदन करने वाले तमाम छात्र-छात्राओं को छठे सेमेस्टर का रिजल्ट ही नहीं मिल पाया है। इससे आवेदनों की गति बेहद धीमी है। गंगापुर परिसर के प्रभारी डॉ. मनीष कुमार सिंह ने बताया बीए, एमए, बीकॉम, एमकॉम, बीएफए, एमएफए सहित अन्य पाठ्यक्रमों में आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है।
गंगापुर परिसर में इस वर्ष 60 प्रतिशत सीटें सीधे भरी जानी हैं। 40 प्रतिशत सीटें महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की प्रतीक्षा सूची से भरी जाएंगी। विद्यार्थी आवेदन कर सीधे अंक पत्रों और अन्य प्रपत्रों का भौतिक सत्यापन कराकर दाखिला ले सकते हैं।
गंगापुर परिसर के जनसंपर्क समिति के समन्वयक डॉ. पीएल विजय ने बताया कि शुक्रवार तक गंगापुर परिसर में लगभग 450 आवेदन आ चुके थे। इनमें से 200 छात्र-छात्राओं ने दाखिला लिया था। एमकॉम और एमएफए में दाखिले का दबाव ज्यादा है।