फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक क्लिक में वाराणसी की प्रमुख खबरेंः बीएचयू में गिरा पेड़, छात्र घायल, श्रृंगार गौरी की सुनवाई अब 17 अगस्त को

Sat, 03 Aug 2024 05:15 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी

सार

Varanasi News: बीएचयू परिसर में शानिवार की दोपहर पेड़ गिर जाने से एक छात्र घायल हो गया। तेज हवा के कारण यह पेड़ गिरा था। वहीं, ज्ञानवापी से जुड़े श्रृंगार गौरी वाद में अब 17 अगस्त को सुनवाई होगी।
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

काशी हिंदू विश्वविद्यालय स्थित भौतिक विज्ञान के सामने हवा के तेज बहाव के कारण ताड़ का पेड़ अचानक गिर गया। पेड़ गिरने से उसकी जद में भौतिक विज्ञान सत्र 2022 का शोध छात्र बिंद्रा पाल आ गया। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। चोट लगने से घायल छात्र के कारण अपरा तफरी मच गई।

विज्ञापन




घायल की सूचना पर काफी भीड़ इकट्ठा हो गया जिसके बाद इसकी सूचना प्रॉक्टीरियल बोर्ड और विभाग के विभागाध्यक्ष को दिया गया। विभाग अध्यक्ष द्वारा तटवर्ता दिखाते हुए तुरंत अपनी गाड़ी से घायल छात्र को ट्रामा सेंटर ले जाया गया। घायल छात्र को स्वयं विभाग अध्यक्ष ट्रामा सेंटर लेकर गए और इलाज चालू करवाया। फिलहाल डॉक्टर का कहना है कि छात्र अभी खतरे से बाहर है जिसका इलाज चल रहा है।
विज्ञापन


श्रृंगार गौरी मूल वाद में सुनवाई अब 17 अगस्त
रेखा पाठक, मंजू व्यास, लक्ष्मी देवी और सीता शाहू की तरफ से जिला जज की अदालत में आवेदन देकर वर्ष 1991 के लॉर्ड विश्वेश्वर मूल वाद को स्थानात्रित कर श्रृंगार गौरी मूल वाद के साथ न्यायहित में एक साथ सुनवाई किए जाने का आग्रह किया गया है। इस मामले में अब 17 अगस्त को सुनवाई होगी।

दुष्कर्म का आरोपी दरोगा चौकी प्रभारी बना, फिर आदेश रद्द
42.50 लाख रुपये की डकैती के आरोप में दरोगा सूर्य प्रकाश पांडेय की गिरफ्तारी के बाद कमिश्नरेट के वरुणा जोन के कैंट थाने की नदेसर चौकी सुर्खियों में है। जिला जेल में बंद 2019 बैच का दरोगा सूर्य प्रकाश पांडेय गिरफ्तार होने से पहले तक नदेसर चौकी प्रभारी के पद पर तैनात था।

नदेसर चौकी के नए प्रभारी के पद पर शुक्रवार को 2019 बैच के ही दरोगा धीरेंद्र प्रताप सिंह की तैनाती का आदेश हुआ। इसके बाद सामने आया कि दरोगा धीरेंद्र के खिलाफ गोरखपुर के शाहपुर थाने में दुष्कर्म सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज है। 

इसे लेकर पुलिस की किरकिरी होने लगी कि दुष्कर्म के आरोपी दरोगा को नदेसर चौकी की कमान सौंपी गई है। इस संबंध में पूछे जाने पर डीसीपी वरुणा जोन चंद्रकांत मीना ने कहा कि दरोगा के खिलाफ पहले दर्ज मुकदमे की जानकारी नहीं थी। जानकारी मिलते ही दरोगा की तैनाती का आदेश तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है।

एक्सपायरी दवा देने का विरोध करने पर की मारपीट
एक्सपायरी दवा देने का विरोध करने पर कनकपुर की रहने वाली इंदू देवी के बेटे अभिषेक वर्मा से मेडिकल स्टोर संचालक ने मारपीट की। इंदू देवी की शिकायत के आधार पर संयुक्त पुलिस आयुक्त डॉ. के एजिलरसन ने इंस्पेक्टर फूलपुर को मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया है।

इंदू देवी ने बताया कि उनका बेटा जगदीशपुर परसहनी स्थित मार्केट में मेडिकल स्टोर से गैस की दवा लिया था। दवा एक्सपायरी हो चुकी थी। इसलिए वह उसे बदलने गया तो उसके साथ मेडिकल स्टोर संचालक ने अपने 10 से 15 साथियों के साथ मारपीट की। इसके साथ ही उसे जान से मारने की धमकी दी। 

12 जुलाई से लापता दुकानदार का नहीं लगा पता
भगवानपुर निवासी प्रदीप सोनकर (45) गत 12 जुलाई को अपने घर से बाइक से निकले तो वापस नहीं आए। परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की लेकिन कहीं पता नहीं लगा तो लंका थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। राजकुमार सोनकर ने बताया कि छोटे भाई प्रदीप की लंका में परचून की दुकान है। हम लोग उन्हें रोजाना खोज रहे हैं, लेकिन कहीं पता नहीं लग पा रहा है।

गबन के आरोपी लेखाकार की जमानत अर्जी खारिज
चार करोड़ रुपये से ज्यादा के गबन के आरोपी पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के लेखाकार प्रयागराज के खुल्दाबाद निवासी केशवेंद्र द्विवेदी की जमानत अर्जी अपर जिला व सत्र न्यायाधीश त्रयोदश मनोज कुमार सिंह-II की अदालत ने खारिज कर दी।

केशवेंद्र के खिलाफ चितईपुर थाने में गत पांच अप्रैल को निगम के लेखाधिकारी अजीत कुमार जायसवाल ने मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि मेसर्स एनसीसी लिमिटेड के खाते में निगम का पैसा न भेज कर केशवेंद्र ने चार करोड़ दो लाख रुपये से ज्यादा की रकम अपने खाते में ट्रांसफर कर ली।

178 बेटिकट यात्रियों से वसूला 42 हजार जुर्माना
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के सीनियर डीसीएम शेख रहमान की जांच में 178 बेटिकट यात्रियों से 42 हजार 150 रुपये जुर्माना वसूला गया। मुख्य वाणिज्य निरीक्षक विष्णु चन्द मीणा, बेलाल अहमद व चल टिकट निरीक्षकों की टीम ने वाराणसी-छपरा रेल खंड को आधार बनाकर चेकिंग अभियान चलाया। लखनऊ-छपरा एक्सप्रेस, ताप्ती गंगा एक्सप्रेस, स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस, लिक्षवी एक्सप्रेस, छपरा-दुर्ग सारनाथ एक्सप्रेस और पवन एक्सप्रेस आदि ट्रेनों में चेकिंग की गई। 

बंद मकान को चोरों ने खंगाला
प्रताप नगर कॉलोनी सुद्दीपुर में बंद मकान को चोरों ने खंगाल दिया। आभूषण और नकदी समेट ले गए। पीड़ित ने थाने पर तहरीर दी। पीड़ित अवनीश कुमार सिंह के अनुसार वह 30 जुलाई को परिवार के साथ लखनऊ गए थे। गुरुवार सुबह पड़ोसियों ने फोन कर सूचना दी। गिलट बाजार चौकी की पुलिस पहुंची और छानबीन की है। 

इंस्टाग्राम से प्यार, रोहनिया थाने में पंचायत के बाद तय हुई शादी
इंस्टाग्राम पर आठ माह पहले हुई दोस्ती ने एक युवक और युवती को इस कदर करीब ला दिया कि दोनों ने एक-दूसरे के साथ जीने-मरने की कसम खा ली। मगर, युवक के परिजन शादी के लिए तैयार नहीं थे। युवक और युवती के परिजनों की पंचायत रोहनिया थाने में हुई। कुछ घंटों की मशक्कत के बाद दोनों के परिजनों ने तय किया कि युवक और युवती का विवाह राजातालाब स्थित विश्वकर्मा मंदिर में करा देंगे।

मड़ाव, रोहनिया क्षेत्र की एक युवती की दोस्ती आठ माह पहले इंस्टाग्राम पर मिर्जापुर के अदलपुरा, चुनार निवासी एक युवक से हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों की नजदीकी बढ़ी और स्वजातीय होने के कारण दोनों ने शादी का निर्णय ले लिया। 

युवक के परिजन शादी को तैयार नहीं थे। इसे लेकर युवती ने रोहनिया थाने में शिकायत की। शनिवार को पुलिस ने दोनों पक्षों को रोहनिया थाने बुलाया। सब इंस्पेक्टर शिल्पा सिंह और मानसी चौरसिया ने दोनों पक्षों से बातचीत कर उन्हें समझाया कि युवक और युवती बालिग हैं। दोनों शादी के लिए तैयार हैं तो इसमें किसी को दिक्कत नहीं होनी चाहिए। दोनों सब इंस्पेक्टर के समझाने पर युवक के परिजन भी शादी के लिए तैयार हो गए।

मोटर पार्ट्स की दुकान से चोरी
जंसा थाना के जलालपुर स्थित मोटर पार्ट्स की दुकान में सेंध लगाकर घुसे चोर हजारों रुपये का सामान चुरा ले गए। सोनबरसा गांव निवासी राज वर्मा की जलालपुर में मोटर पार्ट्स की दुकान है। राज वर्मा सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो सामान बिखरा देखा। इसकी सूचना उन्होंने 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को दी। दुकान मालिक ने बताया कि चोर लगभग 15 हजार रुपये का सामान चुरा ले गए हैं। 

टक्कर मार कर भाग गई स्कूटी सवार महिला
रोहनिया के बीकापुर निवासी सुरेंद्र पटेल (50) शहावाबाद में सड़क पार कर रहे थे। उसी दौरान स्कूटी सवार एक महिला ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। स्कूटी की टक्कर से सुरेंद्र पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, हादसे के बाद स्कूटी लेकर महिला मौके से भाग गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस और परिजन पहुंचे। सुरेंद्र को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया। 

अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम लागू किया जाए
कर्नाटक और राजस्थान की तरह अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम उत्तर प्रदेश में लागू किया जाए। यह मांग प्रधानमंत्री व कानून मंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय में सौंप कर अधिवक्ता नित्यानंद चौबे ने की है। 

अधिवक्ता नित्यानंद चौबे ने कहा कि अधिवक्ताओं के हित में अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम का लागू होना बहुत जरूरी है। इस दौरान प्रेम सागर चौबे, अमित उपाध्याय, प्रेम कुमार श्रीवास्तव, शेखर यादव, अजय पांडेय बबलू सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।

चोरी के 14 मोबाइल और शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
रेल यात्रियों का मोबाइल चोरी करने के आरोपी को कैंट जीआरपी ने जंघई स्टेशन से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी के 14 मोबाइल सेट बरामद हुए। कैंट जीआरपी इंस्पेक्टर हेमंत सिंह ने बताया कि मोबाइल चोरी के आरोपी की पहचान भदोही के दुर्गागंज स्थित कंसराय निवासी धर्मेंद्र कुमार गौतम के रूप में हुई है। उधर, शराब तस्करी के आरोप में बिहार, आरा निवासी ताहा उर्फ प्रिंस कुमार को गिरफ्तार किया गया। 

सात बेटियों और एक बेटे के पिता ने फंदा लगाकर जान दी
बड़ागांव थाना क्षेत्र के चक्का गांव में शाम एक ई-रिक्शा चालक ने अपने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। आशंका जताई गई है कि आर्थिक तंगी की वजह से जान दी है।

चक्का गांव निवासी श्रीनाथ प्रजापति (40) किराये पर लेकर ई-रिक्शा चलाता था। उसकी सात बेटियां और छह माह का एक बेटा है। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि छह बेटियां अविवाहित हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। लिहाजा, पत्नी संतारा देवी दूसरों के घर बर्तन धोने का काम करती है।

शुक्रवार को शाम शहर से श्रीनाथ अपने घर पहुंचा। घर पर बेटियों से पानी मांगने के बाद वह अपने कमरे में चला गया। कमरे में जाकर दरवाजा अंदर से बंद कर उसने छत में लगे पंखे की कुंडी से साड़ी के सहारे फंदा लगा लिया।

गुरुकुल में पढ़ने वाला छात्र लापता
शिवपुर स्थित एक गुरुकुल में संस्कृत की पढ़ाई करने वाला 14 वर्षीय रूपांत दूबे गत एक अगस्त की सुबह से नगवा स्थित अपने बड़े भाई के कमरे से लापता है। लापता छात्र के संबंध में लंका थाने में तहरीर दी गई है।

छात्र के पिता जयराम दूबे ने पुलिस को बताया कि वह मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के पाली गांव के निवासी हैं। उनका बड़ा बेटा ऋषिकांत दूबे नगवा में किराये पर कमरा लेकर रहता है। छोटे बेटे रूपांत को घर से लेकर वह 31 जुलाई की रात बड़े बेटे के कमरे पर आए। एक अगस्त की सुबह रूपांत कमरे से बाहर निकला और उसके बाद वह लौट कर नहीं आया। 

दो भाइयों की पिटाई के आरोपियों के खिलाफ मुकदमा
खोजवा इलाके में रहने वाले सेंट्रल स्कूल के कक्षा 11 के छात्र एकलव्य और उसके छोटे भाई अश्वत्थामा की पिटाई के मामले में भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। राजेंद्र प्रसाद ने पुलिस को बताया कि उनके बच्चे दूध खरीद कर घर आ रहे थे। खोजवा बाजार का रहने वाला मोहम्मद साहिल अपने पांच साथियों के साथ मिलकर दोनों की पिटाई की। पुलिस कर्मियों ने मारपीट करने वाले मोहम्मद साहिल को हिरासत में लेकर भेलूपुर थाने भिजवाया। 

दुकानदार को पीट कर सिर फोड़ा
कछवां रोड के ठटरा नहर के समीप चुनार मार्ग पर इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान में दोपहर लाठी-डंडे के साथ पहुंचे चार लोगों ने दुकानदार की पिटाई कर दी। मारपीट में दुकानदार लाल सिंह यादव का सिर फट गया। इस मामले में दुकानदार ने तीन नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मिर्जामुराद थाने में तहरीर दी है। 

पति सहित पांच पर दहेज हत्या के आरोप में मुकदमा
मिर्जामुराद के टिकरा गांव में फंदे से लटकी मिली विवाहिता के मामले में पुलिस आयुक्त के निर्देश पर मिर्जामुराद थाने में दहेज हत्या समेत अन्य आरोपों में पति सहित ससुराल के पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के कुंडलिया गांव निवासी मनोहर सिंह की पुत्री सेजल सिंह की शादी टिकरा गांव निवासी अनिल सिंह के पुत्र अभिषेक सिंह उर्फ गोलू के साथ हुई थी। विवाहिता के पिता का आरोप है कि 22 जुलाई को ससुराल वाले दहेज के लिए उनकी पुत्री की हत्या कर शव पंखे से लटका दिया।

पुलिस आयुक्त के यहां दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर विवाहिता के पति अभिषेक सिंह उर्फ गोलू, ससुर अनिल सिंह, सास ज्ञानती देवी, जेठानी सुमन देवी व जेठ मंटी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

सील तोड़कर अवैध निर्माण करने वाले पर मुकदमा
चितईपुर थाना क्षेत्र के महामनापुरी कॉलोनी निवासी सोनल सिंह ने बगैर मानचित्र स्वीकृत कराए निर्माण कराया था। इसे सील कर पुलिस अभिरक्षा में दिया गया था। बावजूद इसके सील तोड़कर निर्माण कराने पर वीडीए के अवर अभियंता आरके सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया।


10 दिन में चार रुपये प्रति किलो महंगी हुई चीनी
वाराणसी। त्योहार आने से पहले ही चीनी का रेट भागने लगा है। पिछले दस दिनों में थोक और फुटकर में चीनी का भाव बढ़ा है। 10 दिन पहले थोक भाव 4150 रुपये था और फुटकर में 42 रुपये प्रति किलो। शुक्रवार को थोक भाव 4300 रुपये और फुटकर में 46 रुपये प्रति किलो बिका है।

इस माह में ही रक्षाबंधन, नागपंचमी और सावन के तीन सोमवार भी हैं। शहर में रोजाना छह ट्रक चीनी की खपत है। अकेले सिर्फ तीन ट्रक माल विश्वेश्वरगंज मंडी में ही खप जाती है।

विश्वेश्वरगंज मंडी के चीनी आढ़त शशांक साहू ने बताया कि आने वाले दिनों में चीनी का मूल्य और बढ़ सकता है, जितना कोटा होना चाहिए, उतना माल मिल नहीं रहा है। वहीं, सरकार चीनी के न्यूनतम बिक्री मूल्य एमएसपी पर जल्द ही फैसला लेने वाली है। इसके बाद चीनी का भाव बढ़ना तय माना जा रहा है। विश्वेश्वरगंज-भैरोनाथ व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रतीक गुप्ता ने बताया कि फुटकर में चीनी का रेट बढ़ने से ग्राहकों की भी परेशानियां बढ़ीं हैं। 

बीएचयू परिसर में छात्रों ने फूंका परीक्षा नियंता का पुतला
बीएचयू के पीएचडी पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए दिसंबर 2023 की नेट परीक्षा देने वाले छात्र-छात्राओं को वरीयता देने की मांग को लेकर पिछले 17 दिनों से आंदोलन कर रहे छात्रों ने शुक्रवार को विश्वनाथ मंदिर चौराहे पर परीक्षा नियंता का पुतला दहन किया। छात्रों ने कहा कि उनकी समस्याओं को अनसुना किया जा रहा है। छात्रों ने पिछले दो दिनों से अनशन भी शुरू कर दिया है। छात्रों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जाएंगी, वे धरना जारी रखेंगे। 

विद्यापीठ का दीक्षांत समारोह 25 सितंबर को
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ का दीक्षांत समारोह 25 सितंबर को होगा। राजभवन ने यह तिथि निर्धारित कर विश्वविद्यालय को भेज दी। यह विश्वविद्यालय का 46वां दीक्षांत समारोह होगा। इस पर छात्र-छात्राओं को उपाधियां और मेडल दिए जाएंगे। 

काशी विद्यापीठ की कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि दीक्षांत के लिए कोर कमेटी गठित कर दी गई है। जल्द ही उसकी बैठक कर दीक्षांत के आयोजन की आगामी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा। 

बीएचयू परिसर में तिरंगा लगाने के लिए किया भिक्षाटन
बीएचयू परिसर में तिरंगा लगाने की मांग को लेकर छात्र नेता विवेक सिंह अभिषेक ने भिक्षाटन किया। इस दौरान वह विश्वनाथ मंदिर के पास बनी एक-एक दुकान पर पहुंचे और लोगों से बीएचयू कैंपस में विशाल तिरंगा झंडा लगाने में सहयोग की मांग की। छात्रों ने निर्णय लिया है कि 15 अगस्त को विश्वविद्यालय में विशाल तिरंगा फहराया जाएगा। 

आरटीई के तहत फर्जी आवेदन करने वालों पर होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने शुक्रवार को विकास भवन में बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यक्रमों की समीक्षा की। डीएम ने कहा कि आरटीई एक्ट के तहत फर्जी निवास, जन्म प्रमाणपत्र बनवाकर अलग-अलग कई आवेदन करने वालों के खिलाफ सत्यापन कराके कार्रवाई की जाएगी।

डीएम ने बीएसए को हिदायत दी कि विद्यालयों में फर्नीचर की उपलब्धता, चहारदीवारी के निर्माण पूरा कराएं। स्कूलों में भवन, अतिरिक्त कक्षा, वृहद मरम्मत पूरा कराएं। स्कूलों में बच्चों की अधिक से अधिक उपस्थिति सुनिश्चित कराएं। आधार सत्यापन शीघ्रता से कराएं। 

उन्होंने कहा कि जिन बच्चों के आधार कार्ड नहीं बने हैं उनका आधार बनवाएं। जिलाधिकारी ने मलिन, मुसहर बस्ती, ईंट भट्ठे आदि पर काम करने वालों के सर्वे कराते हुए उनका स्कूल में प्रवेश कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहने पाए। लक्ष्य के सापेक्ष विद्यालयों का निरीक्षण सुनिश्चित करें। 

विशिष्ट आवश्यकता वाले समस्त बच्चों के मेडिकल सर्टिफिकेट कैंप लगाकर बनवाएं। इसकी जिम्मेदारी चिकित्साधिकारी को दी गई। परिषदीय विद्यालयों, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में नामांकन, मध्याह्न भोजन योजना की समीक्षा में मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।

प्रोफेसर संदीप कुमार बने मैकेनिकल इंजीनियरिंग के विभागाध्यक्ष
आईआईटी बीएचयू के डायरेक्टर प्रो. अमित पात्रा ने प्रो. संदीप कुमार को मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग का विभागाध्यक्ष नियुक्त किया है। प्रो. संदीप कुमार दो अगस्त से तीन वर्ष या अगले आदेश तक विभागाध्यक्ष रहेंगे। उन्होंने प्रो. संतोष कुमार का स्थान लिया है।

साथ ही मानवतावादी विभाग के अस्सिटेंट प्रोफेसर डॉ. सतीश कन्नौजिया को एक वर्ष के लिए एलुमिनी प्रोजेक्ट के लिए फैकल्टी इंचार्ज की जिम्मेदारी दी गई है। डॉ. कन्नौजिया अधिष्ठाता, रिसोर्स एवं एलुमिनी प्रोफेसर हीरालाल को रिपोर्ट करेंगे। 

प्रो. विजयलक्ष्मी आंतरिक शिकायत समिति की अध्यक्ष बनीं
आईआईटी बीएचयू की आंतरिक शिकायत समिति का पुनर्गठन किया गया है। केमिकल इंजीनियरिंग विभाग की प्रो. विजय लक्ष्मी यादव को अध्यक्ष और सहायक कुलसचिव प्रज्ञा जुनेजा को सदस्य सचिव नियुक्त किया गया है। यह समिति 30 जुलाई से अगले तीन वर्ष तक कार्य करेगी।

डायरेक्टर प्रो. अमित पात्रा ने मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रो. प्रद्युम्न घोष को क्वालिटी इंप्रूवमेंट प्रोग्राम का समन्वयक नियुक्त किया है। प्रोफेसर प्रद्युम्न एक साल या अगले आदेश तक यह भूमिका निभाएंगे।
विज्ञापन

प्रेसवार्ता करते राहुल मेहता रोपेश जोशी उद्धव सुबेदी। - फोटो : अमर उजाला
45 मिनट में पहुंचिए काशी से काठमांडो
काशी विश्वनाथ से पशुपति नाथ के बीच हफ्ते में तीन दिन बुद्धा एयर की उड़ान सेवा शुरू होगी। काशी-काठमांडो के बीच 18 सितंबर से शुरू हो रही उड़ान सेवा हफ्ते में तीन दिन सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को है। 45 मिनट में काशी-काठमांडो की सेवा पूरी होगी। बुद्धा एयर की दो विमान सेवाएं वर्तमान में संचालित हैं।

कंपनी के निदेशक रूपेश जोशी ने शनिवार को छावनी स्थित होटल में पत्रकारों को बताया कि काशी से काठमांडो के लिए तीसरी उड़ान सेवा अगले माह से शुरू होगी। यह हफ्ते में तीन दिन है। आने वाले दिनों में जनकपुर से अयोध्या और काठमांडो से पटना के लिए अंतरराष्ट्रीय विमान सेवा संचालित करने की योजना बन रही है। 

कंट्री हेड उद्धव सुबेदी ने बताया कि बुद्धा हॉलिडे की ओर से संपूर्ण पैकेज भी उपलब्ध कराया जा रहा है। इसमें टिकट, होटल, विभिन्न भ्रमण स्थल प्लान शामिल है। टूरिज्म वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल मेहता ने बताया कि वोटर आईडी के जरिये भी नेपाल का भ्रमण कर सकते हैं, पासपोर्ट की जरूरत नहीं है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें