महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से संबद्ध 30 कालेजों का स्नातक का रिजल्ट रुकने का अंदेशा जताया जा रहा है। इन कॉलेजों ने विश्वविद्यालय प्रशासन को अब तक प्रायोगिक परीक्षा के अंक नहीं भेजे हैं। ऐसे में इन कॉलेजों का रिजल्ट रुक सकता है।
इससे पांच हजार से अधिक विद्यार्थी प्रभावित होंगे। इससे इतर परीक्षा के दौरान पकड़े गए 450 नकलचियों का रिजल्ट भी रोका जाएगा। काशी विद्यापीठ में शैक्षणिक सत्र को नियमित करने के लिहाज से की गई कवायद कॉलेजों के चलते फेल साबित हो रही है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने वार्षिक और सेमेस्टर परीक्षाएं समय से कराईं। विश्वविद्यालय प्रशासन समय से परिणाम घोषित करने की तैयारी कर रखी है लेकिन कालेजों की ओर से प्रायोगिक परीक्षा का अंक नहीं प्राप्त हो सका।
विश्वविद्यालय प्रशासन रिजल्ट में विलंब नहीं करना चाहता। ऐसे में विश्वविद्यालय प्रशासन जिन तीस कॉलेजों के प्रायोगिक अंक नहीं मिले हैं, उनके रिजल्ट रोककर बाकी परीक्षा परिणाम जारी करने की तैयारी में है। जिन तीस कॉलेजों के अंक नहीं मिले हैं, उसमें वाराणसी, चंदौली समेत मिर्जापुर, भदोही और सोनभद्र के कॉलेज शामिल हैं।