वाराणसी। सारनाथ के हृदयपुर निवासी उदयनारायण वर्मा, छेदी लाल, रामपटल प्रसाद उर्फ प्रमोद और संजय राजभर के खिलाफ रविवार को कैंट थाने में धोखाधड़ी, कूटरचना, आपराधिक षड्यंत्र सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई सारनाथ के टड़िया क्षेत्र की मां वैष्णो नगर कॉलोनी निवासी राकेश कुमार श्रीवास्तव की तहरीर पर की गई है।
राकेश के अनुसार उदय नारायण और छेदीलाल की हृदयपुर में जमीन है और पारिवारिक विवाद चल रहा है। सगे भाई उदय नारायण और छेदीलाल ने 14 मार्च 2015 को राकेश से लिखा पढ़ी में समझौता किया कि विवाद सुलझा कर जमीन बेचने के बाद जो रकम मिलेगी उसमें से 40 प्रतिशत उसे दिया जाएगा। राकेश का आरोप है कि उदय नारायण और उसके पक्ष के लोग उन्हें धोखे में रखकर पूरी रकम हड़प लिए। राकेश ने बताया कि इस संबंध में पूछे जाने पर उदय नारायण और उसके पक्ष के लोग टालमटोल करते रहे। एक जून को पुलिस लाइन के समीप फ्लाईओवर पर राकेश को रोक कर उदय नारायण और उसके पक्ष के लोगों ने पिस्टल सटाकर जान से मारने की धमकी दी और कहा कि भविष्य में हिस्सा मांगे तो परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहना।