Varanasi News : वाराणसी में खोजवां के शंकुलधारा में आज कन्यादान महोत्सव का आयोजन किया गया है। यहां सरसंघचालक मोहन भागवत की मौजूदगी में 125 जोड़े फेरे लेंगे। संघ प्रमुख भी पांव पखार कर एक बेटी का कन्यादान करेंगे।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत बुधवार की दोपहर 12:49 बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे। कुछ ही देर में एयरपोर्ट से सड़क मार्ग के जरिये खोजवां स्थित शंकुलधारा पहुंचेंगे और कन्यादान महोत्सव में हिस्सा लेंगे। यहां पांव पखार कर एक बेटी का कन्यादान करेंगे। उनका संबोधन भी होगा। भागवत की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एयरपोर्ट पर अफसरों ने बैठक की और जिम्मेदारी तय की।
विज्ञापन
शंकुलधारा पोखरे से द्वारकाधीश मंदिर पहुंचेगी बरात
अक्षय तृतीया के मौके पर बुधवार को सरसंघचालक मोहन भागवत की मौजूदगी में 125 बेटियों का कन्यादान किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बरात शाम चार बजे शंकुलधारा पोखरे से निकलकर ढोल-नगाड़े, बैंडबाजा, आतिशबाजी के साथ द्वारकाधीश मंदिर पहुंचेगी। इसके बाद कन्यादान की रस्में पूरी की जाएंगी। इसमें समाज के सभी वर्गों के लोग एक-एक वेदी पर रहेंगे। एक वेदी पर आरएसएस प्रमुख रहेंगे।
पहली बार सभी वर्ग के दूल्हे एक साथ घोड़ी पर सवार होकर निकलेंगे
बता दें कि इस सामूहिक विवाह समारोह में पहली बार ऐसा होगा कि अगड़े, पिछड़े और दलित वर्ग के दूल्हे एक साथ घोड़ी, बग्घी और रथ पर सवार होकर निकलेंगे। इन पिछड़े और दलित दूल्हों और बेटियों का स्वागत के लिए शहर के अगड़े समाज के लोग मौजूद होंगे। सरसंघचालक बेटियों के पांव पखारेंगे। पहली बार अंतरजातीय विवाह भी कराए जाएंगे और ब्राह्मण के साथ ही सभी वर्गों के पुजारी विवाह संपन्न कराएंगे।