पीएम के मन की बात कार्यक्रम सुनकर जलशक्ति मंत्री ने लाभार्थियों से संवाद किया। मंत्री ने इस दौरान कहा कि इसी साल प्रदेश के प्रत्येक घरों में नल की टोटी पहुंच जाएगी।
प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने आराजीलाइन ब्लॉक के सांसद आदर्श ग्राम पंचायत परमपुर में फीता काटकर हर घर नल योजना की शुरुआत की। इसके बाद पेयजल योजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम को सुनकर लाभार्थियों के साथ संवाद किया।
विज्ञापन
उन्होंने पंप संचालन के लिए कर्मियों से संवाद कर उनका हौसला बढ़ाया। इस दौरान ग्रामीणों से मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का सपना था कि हर व्यक्ति के घर टोटी से शुद्ध पानी पहुंचे। आज वह सपना साकार हो रहा है। इसी साल प्रदेश के प्रत्येक घरों में नल की टोटी पहुंच जाएगी।
अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण राजीव कुमार ने बताया कि गांव में 568 परिवार को लाभान्वित किया जाना है। इनमें 278 परिवार को योजना का लाभ मिल चुका है। बाकी परिवार के घर तक पाइपलाइन बिछाने का काम किया जा रहा है।
विज्ञापन
पीडब्ल्यूडी की ओर से सड़क बनाने से दिक्कत आ रही है। पुलिया डालने के बाद बचे हुए परिवार को इस योजना से जोड़ दिया जाएगा। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अरविंद पटेल, खंड विकास अधिकारी विजय कुमार जायसवाल, ग्राम प्रधान राहुल आदि मौजूद रहे।