नरसिंह यादव रमेश यादव के परिजनों से मिले
- फोटो : amar ujala
अंतरराष्ट्रीय पहलवान नरसिंह यादव ने कहा कि देश की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। इसके लिए यदि पाकिस्तान से खेल संबंध तोड़ने पड़ें तो हमें मंजूर है। हम ही नहीं, सभी खिलाड़ी यही चाहते हैं कि पहले देश रक्षा और उसके बाद खेल संबंध।
नरसिंह सोमवार को चंदौली जिले के गांव बहादुरपुर में शहीद सीआरपीएफ जवान अवधेश यादव और वाराणसी के गांव तोफापुर में शहीद रमेश यादव के परिजनों से मिलने पहुंचे थे। नरसिंह सोमवार को रमेश यादव के घर तोफापुर पहुंचे और शहीद के पिता श्याम नारायण यादव को 25 हजार का चेक सौंपा।
शहीद की पत्नी रेनू का हाल जानना चाहा तो परिजन उन्हें लेकर आए। रेनू के करुण क्रंदन से नरसिंह की आंखें भी नम हो गईं। नरसिंह ने कहा- मेरी सरकार से मांग है कि शहीदों के परिजनों की हर संभव मदद करें। इससे पहले वह चंदौली के शहीद अवधेश यादव के परिजनों से मिलने पहुंचे थे।
वहां उन्होंने शहीद के पिता हरिकेश यादव से मुलाकात की और 25 हजार का चेक दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पुलवामा आतंकी हमले में जिन जवानों ने जान गंवाई है, उनकी शहादत को सरकार जाया न होने दे। अब समय आ गया है कि कश्मीर ही नहीं, हर जगह सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।