वाराणसी जिले के निजी अस्पतालों में शुक्रवार को ओपीडी सेवाएं ठप रही। यहां डाक्टरों ने केवल इमरजेंसी में ही मरीजों को देखा। इंट्रीग्रेटेड मेडिकल एजुकेशन के सरकार के फैसले के विरोध में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के आह्वान पर सदस्यों की हड़ताल शुरू हो गई। इससे दूर दराज से आए मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ मरीजों को बिना इलाज ही लौटना पड़ा।
अस्पतालों, नर्सिंग होम के बाहर ओपीडी सेवा ठप रहने की नोटिस भी चस्पा रही। हालांकि सरकारी अस्पतालों में ओपीडी सेवाएं पहले की तरह चलती रही। यहां अन्य दिनों की अपेक्षा मरीजों की संख्या अधिक रही। आईएमए सदस्यों ने सरकार के फैसले के विरोध में इसके पहले 8 दिसंबर को दो घंटे का विरोध प्रदर्शन किया था। इसके साथ ही इंडियन डेंटल एसोसिएशन (आईडीए) के सदस्यों ने भी शुक्रवार को कार्य बहिष्कार पर रहकर आईएमए की हड़ताल का समर्थन किया।