वाराणसी के राजातालाब क्षेत्र के रानी बाजार के पास शुक्रवार को रेलवे ट्रैक किनारे युवक का शव मिला। शव प्रयागराज-वाराणसी रेलवे लाइन के किनारे पड़ा था। शव मिलने की सूचना पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। युवक की शिनाख्त रानी बाजार के ही खजांची के बड़े पुत्र बड़कू के रूप में हुई।
बड़कू के परिजनों का कहना था कि सुबह काफी कोहरा था। उसी बीच पांच बजे के लगभग वह घर से मोबाइल से बात करते हुए निकला था। वहीं दुर्घटना के बाद मौके से मिली मोबाइल में सिम गायब थी। मोबाइल भी टूट गई थी। मृतक के सिर के पिछले हिस्से और दोनों पैर में चोट के निशान मिले हैं।
बड़कू का विवाह कुछ साल पहले हुआ था लेकिन पति पत्नी के बीच अनबन के कारण रिश्ता टूट गया था। कुछ दिनों से युवक के विवाह की बात कहीं चल रही थी। मृतक के परिवार के लोग बाजार में ही दुकान चलाते हैं। सूचना के बाद स्थानीय राजातालाब पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।