बीएचयू समेत देश के चार केंद्रीय विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2024-25 की प्रवेश प्रक्रिया में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। यूजी और पीजी कक्षाओं में प्रवेश के लिए छात्र-छात्राओं की काउंसिलिंग अब जेईई की तर्ज पर एक ही कॉमन पोर्टल के जरिये होगी। सीयूईटी के बाद छात्र-छात्राओं को केंद्रीय विश्वविद्यालयों में प्रवेश के लिए अलग-अलग फॉर्म नहीं भरने पड़ेंगे।
सभी विश्वविद्यालयों में काउंसिलिंग और कैंपस का चयन कॉमन एडमिशन पोर्टल के जरिये किया जाएगा। इसके लिए बीएचयू समेत चार केंद्रीय विश्वविद्यालयों ने अपनी सहमति दे दी है। अब तक नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की ओर से आयोजित कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) पास करने के बाद केंद्रीय विश्वविद्यालयों में प्रवेश के लिए छात्र-छात्राओं को अलग-अलग फॉर्म भरना पड़ता था। आवेदन के हिसाब से संबंधित विश्वविद्यालयों में छात्र-छात्राओं की काउंसलिंग होती थी। उसके आधार पर उन्हें प्रवेश दिया जाता था।
लेकिन, अब सीयूईटी के बाद छात्र-छात्राओं को कॉमन एडमिशन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराना होगा। जहां उन्हें प्रवेश के लिए अपनी पसंद के विश्वविद्यालयों को वरीयता देनी होगी। सीयूईटी में मिले अंक और छात्र-छात्राओं की ओर से दी गई वरीयता सूची के आधार पर उन्हें प्रवेश के लिए सीधे विश्वविद्यालय अलॉट कर दिया जाएगा।