अश्लील फोटो वायरल करने और मारपीट मामले में पीड़िता ने अपने एक रिश्तेदार सहित पांच के खिलाफ वाराणसी के जंसा थाने में मुकदमा दर्ज कराया। पीड़िता की मां का आरोप है कि प्रेम जाल में फंसाकर आरोपी अब जान से मारने की धमकी देता है। पुलिस के अनुसार मुकदमा दर्ज कर मामले की तफ्तीश की जा रही है।
विज्ञापन
जंसा थाना अंतर्गत बेलौड़ी गांव की रहने वाली पीड़ित किशोरी की मां का आरोप है कि गांव में ही संजय पटेल के यहां किराये पर रहने वाला रंजीत पटेल ने बेटी को प्रेम जाल में फांसकर उसकी अश्लील फोटो 19 मार्च को वायरल कर दी। इसकी शिकायत करने रंजीत के घर गए तो परिजनों ने भगा दिया।
इसी बीच 24 मार्च को रंजीत अपने छह साथियों के साथ घर पहुंचा और गाली गलौज करते हुए मारपीट की धमकी दी। जंसा थाने में शिकायत नहीं सुनी गई तो उच्चाधिकारियों के यहां गुहार लगाई। जंसा पुलिस के अनुसार पांच आरोपियों के खिलाफ छेड़छाड़, पॉक्सो सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया।