वाराणसी। अवैध निर्माणों के खिलाफ वीडीए का महाअभियान लगातार जारी है। वीसी राहुल पांडेय ने इसके लिए चार दिन का शेड्यूल भी जारी कर दिया है। इसमें सिर्फ अवैध निर्माणों व प्लाटिंग पर कार्रवाई करनी है। जोनवाइज महीने भर की प्लानिंग व पुलिस से समन्वय बनाते हुए ध्वस्तीकरण की तिथियों का निर्धारण भी कर दिया है। बृहस्पतिवार को वीडीए की टीम ने रोहनिया के हरिहरपुर में कार्रवाई की और दो जेसीबी की मदद से करीब 100 एकड़ अवैध प्लाटिंग को ढहा दिया। दशाश्वमेध वार्ड स्थित इस कार्रवाई से इलाकों में पूरे दिन हड़कम्प मचा रहा।
वाराणसी विकास प्राधिकरण की संयुक्त प्रवर्तन टीम ने संयुक्त सचिव व जोनल अधिकारी परमानंद यादव, वीरेंद्र प्रताप मिश्रा की अगुवाई में हरिहरपुर के मां काली नगर कॉलोनी में अजय मौर्या की अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई की। सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक चली इस ध्वस्तीकरण कार्रवाई की शुरुआत में ही वीडीए की एक जेसीबी फेल हो गई लेकिन बाद में प्रवर्तन टीम ने मोर्चा संभाला और शाम चार बजे तक 100 एकड़ की अवैध प्लाटिंग को तोड़ा गया।