बलिया जिले के उभांव थाने से लाइन हाजिर सिपाही दीपनारायण पासवान को देवरिया जिले में पशु तस्करों के साथ पकड़े जाने के बाद निलंबित कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक देवेंद्रनाथ ने बताया कि विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
एसपी ने जानकारी दी कि जिले की पुलिस की ओर से वर्ष 2020 में अब तक गोवंशीय पशुओं की तस्करी में संलिप्त 99 लोगों को जेल भेजा गया है। 52 लोगों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश गिरोह बंद अधिनियम अंतर्गत कार्यवाही की गई है। इसके अलावा, 86 लाख की संपत्ति 14 (1) उत्तर प्रदेश गिरोह बंद अधिनियम के अंतर्गत कुर्क की गई है।
इस दौरान कुल 379 गोवंशीय पशुओं को बरामद कर 44 गाड़ियां निरुद्ध की गई हैं। उभांव थाने के ही पांच अन्य पुलिसकर्मियों को भी लाइन हाजिर किया गया, जिनकी ड्यूटी पिकेट व गश्त में थी। इनकी भूमिका की जांच भी कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि पशु तस्करी में पड़ोसी जिला मऊ की सीमा से संलग्न थानों के पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच चल रही है। अपर पुलिस अधीक्षक से इस पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। तस्करी में संलिप्त पाए जाने पर समस्त पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।