इसमें अबू आजमी ने निवेश किया है, लेकिन कागजात में कहीं भी नाम नहीं है। मगर, विनायक ग्रुप के बैंक खातों से लंबा-लंबा ट्रांजेक्शन हुआ है। यही कारण है कि आयकर विभाग की बेनामी विंग ने विभिन्न बैंक खातों को सीज किया है। आयकर विभाग की बेनामी विंग यह भी पता लगा रही है कि अबू आजमी की कंपनी से और किन-किन बिल्डरों का जुड़ाव है।
पहले सिल्क व्यापारी और फिर रियल इस्टेट कारोबारी के रूप में अपनी छाप छोड़ने वाले बिल्डर गणेश गुप्ता, साड़ी कारोबारी सर्वेश अग्रवाल के साथ मिलकर अबू आजमी ने 2007 में पहला प्रोजेक्ट शिवपुर के वरूणा गार्डेंन के नाम से शुरू किया था। उस समय से वरूणा गार्डेन अपार्टमेंट शहर का सबसे महंगा और पॉश माना जाता रहा है। इस प्रोजेक्ट में मुंबई के एक और बिल्डर ने साथ काम किया था। वर्ष 2012-13 में अबू आजमी ने शहर के बीच मलदहिया चौराहे पर विनायक प्लाजा प्रोजेक्ट शुरू कराया। कई विवादों का निपटारा करते हुए विनायक प्लाजा का निर्माण पूरा हो सका।
इसमें बिल्डर गणेश गुप्ता, सर्वेश अग्रवाल, मुंबई के एक अन्य बिल्डर ने काम किया। छापा मारने वाली टीम के मुताबिक, शॉपिंग कांप्लेक्स के तौर पर बने विनायक प्लाजा में अबू आजमी का पैसा लगा है। मगर, कहीं भी लिखा पढ़ी में नाम सामने नहीं आया। अब अबू आजमी के साथ काम करने वाले अन्य बिल्डरों के बारे में पता लगाया जा रहा है। तमाम संपत्तियां बेनामी हैं। बिल्डर गणेश गुप्ता का तीन वर्ष पहले निधन हो चुका है। अब विनायक ग्रुप में गणेश गुप्ता की पत्नी आभा गुप्ता व सर्वेश अग्रवाल साझेदार हैं।
आयकर अधिकारियों ने बताया कि 2018 से 2022 तक विनायक ग्रुप को 200 करोड़ की आय हुई थी। इसमें 160 करोड़ रुपये का आयकर खुलासा किया गया था। मार्च 2023 में जांच के दौरान यह बात सामने आई थी कि 40 करोड़ रुपये अबू आजमी को हवाला के जरिये भेजे गए थे। इस पर अबू आजमी को नोटिस भेजा गया था।
दशाश्वमेध क्षेत्र के पक्के महाल के रहने वाले स्वर्गीय गणेश गुप्ता और अबू आजमी में पुरानी दोस्ती थी। इसके बाद ही गणेश मुंबई में रहने लगे थे। वहीं जाकर रियल इस्टेट कारोबार से जुड़े थे। बाद में उन्होंने अपनी करोड़ों की पैत्तृक संपत्ति को दान कर दी थी। 30 अगस्त 2019 को गणेश गुप्ता का लंबी बीमारी के चलते मुंबई में निधन हो गया था। उनके निधन के बाद वाराणसी का कारोबार और मलदहिया का विनायक प्लाजा उनका एक भरोसेमंद संभालता है। गणेश की पत्नी आभा गुप्ता और बच्चे मुंबई में ही रहते हैं।
40 घंटे तक वाराणसी में डेरा डालने वाली आयकर विभाग लखनऊ की टीम ने विनायक ग्रुप से जुड़ाव रखने वाले तीन बिल्डरों से लंबी पूछताछ की है। बैंक खातों से लेकर अन्य कई दस्तावेज को खंगाले हैं। विनायक ग्रुप जुड़े शहर के और बिल्डरों की भी धड़कने बढ़ी हैं। विनायक ग्रुप के बिल्डरों से बैंक के जरिये लेनदेन करने वाले लोग भी परेशान हैं। छापे के बाद से ही सबके मोबाइल बंद हैं।
आयकर अधिकारियों ने बताया कि लगभग ढाई सौ करोड़ की बेनामी संपत्ति का खुलासा हुआ है। इसकी रिपोर्ट बनाकर मुख्यालय को भेजी जाएगी। मुख्यालय के आदेश के बाद बेनामी सपंत्ति जब्त की जा सकती है। फिलहाल वरूणा गार्डेंन के फ्लैट और विनायक प्लाजा के दो फ्लोर सीज किए गए हैं। सीज संपत्ति पर अगले आदेश तक कोई काम नहीं हो सकता है। आजमगढ़ के रहने वाले अबू आजमी समाजवादी पार्टी महाराष्ट्र के प्रदेश अध्यक्ष हैं। लंबे समय से मुंबई में रहते हैं। अबू आजमी के बेटे फरहान आजमी की शादी फिल्म अभिनेत्री आयशा टाकिया से हुई है।