Varanasi News: बीते शनिवार की सुबह 11 बजे से कुलपति आवास पर अनशन करने की चेतावनी को लेकर सुबह 10 बजे आईएमएस बीएचयू के निदेशक प्रोफेसर एसएन संखवार, चीफ प्रॉक्टर प्रोफेसर एसपी सिंह को लेकर प्रोफेसर ओमशंकर के घर पहुंचे थे। करीब घंटे भर तक उनकी मांगों को लेकर बातचीत की थी।
बीएचयू अस्पताल में हृदय रोगियों को आवंटित बेड पर भर्ती करने, एमएस को हटाए जाने की मांग को लेकर हृदय रोग विभागाध्यक्ष प्रो. ओमशंकर रात भर अनशन पर बैठे रहे। भोजन त्याग कर वह केवल जल ग्रहण कर रहे हैं। दूसरे दिन रविवार को दिन में सपा एमएलसी आशुतोष सिन्हा के साथ ही पार्टी के अन्य पदाधिकारी, आम आदमी पार्टी के नेताओं, अधिवक्ता समर्थन देने पहुंचे।
विज्ञापन
रविवार को प्रोफेसर की मांग पर कोई ठोस फैसला नहीं हो सका, लिहाजा उन्होंने अनशन जारी रखने का निर्णय लिया है। इंडी गठबंधन के प्रत्याशी अजय राय ने भी डॉ. ओमशंकर के अनशन और उनकी मांगों को समर्थन दिया है।
अस्पताल के हृदय रोग विभाग स्थित अपने कक्ष में जमीन पर बैठकर अनशन करने वाले प्रो.ओमशंकर का कहना है कि पिछले दो साल से सुपरस्पेशियलिटी ब्लॉक में आवंटित 41 बेड पर मरीजों को भर्ती नहीं किया जा रहा है। इसकी वजह अस्पताल प्रशासन द्वारा डिजिटल लॉक लगवाया जाना है। कई बार आवाज उठाने के बाद जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो मरीजों के हित के लिए अनशन पर बैठना पड़ा।
इधर चीफ प्रॉक्टर जहां उनके अनशन पर नजर बनाए हैं, वहीं प्रॉक्टोरियल बोर्ड की ओर से सुरक्षा गार्ड भी लगाए गए हैं। रविवार को बीएचयू में प्रो. ओमशंकर से मिलने पहुंचे सपा एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने कहा कि अगर तत्काल बीएचयू प्रशासन ने मरीजों की समस्याओं के समाधान का फैसला नहीं लिया तो इस मुद्दे को सदन में उठाया जाएगा।
इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव 'लक्कड़', महासचिव आनंद मौर्य, सपा नेता अमन यादव, पूजा यादव, आप नेता संजीव सिंह आदि लोगों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मरीजों के हित में जल्द से जल्द फैसला लेने की मांग की।