प्रयागराज में अगले महीने से शुरू हो रहे अर्द्ध कुंभ मेले में स्नानार्थियों को गंगा का स्वच्छ जल मिले, इसकी जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने आईआईटी बीएचयू को दी है। कुंभ मेले के दौरान आईआईटी की टीम उद्योगों से निकलने वाले अवजल के प्रदूषण मानक की मॉनीटरिंग करेगी।
राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के तहत कानपुर के 34 उद्योगों, दो सीईटीपी और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से निकलने वाले अवजल और मलजल की तीन चरणों में मॉनिटरिंग और जांच की जाएगी। जांच टीम के प्रोजेक्ट इंचार्ज व केमिकल इंजीनियरिंग के हेड प्रो. पीके मिश्रा ने बताया कि पहले चरण में 23 दिसंबर से 30 दिसंबर, दूसरे चरण में 23 जनवरी 2019 से 27 जनवरी 2019 और तीसरे चरण में पांच फरवरी 2019 से 10 फरवरी 2019 के बीच अवजल की जांच आईआईटी बीएचयू के एक्सपर्ट करेंगे।
इन 34 उद्योगों में डाई, ब्लीचिंग, टेक्सटाइल और डेयरी से जुड़े उद्योग हैं। उन्होंने बताया कि कुंभ मेले के दौरान जो उद्योग मानक के अनुसार अवजल का उत्सर्जन नहीं करेंगे, उन्हें कुंभ मेले के दौरान बंद करने की संस्तुति की जाएगी। आईआईटी बीएचयू के अलावा चार अन्य संस्थानों को दूसरे उद्योगों की जांच की जिम्मेदारी दी गई है।