वाराणसी के बुद्ध विहार कॉलोनी स्थित होटल सिल्क सिटी में कमरा नंबर 1126 में ठहरे हैदराबाद से आए ठेकेदार मनोज कुमार रेड्डी (38) ने मंगलवार की रात अवैध पिस्टल से दाई कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। होटल स्टाफ की सूचना पर पहुंची कैंट पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
मनोज के कमरे से पुलिस ने अवैध पिस्टल, एक खोखा, एक कारतूस, दो मोबाइल, शराब की बोतलें, दो-तीन खाली ग्लास, सिगरेट के पैकेट और पानी की बोतलें बरामद की हैं। मनोज के परिजनों द्वारा उसके दोस्त राहुल को दी गई जानकारी के अनुसार वो अवसाद ग्रस्त था। वहीं, मनोज के साथ होटल बुक कराने वाली उसकी महिला मित्र पश्चिम बंगाल के साउथ 24 परगना की रेनू कलिता का कहीं पता नहीं लगा।
नेशनल हाइवे अथारिटी ऑफ इंडिया के ठेकेदार मनोज और रेनू कलिता ने सोमवार की रात 11:55 बजे होटल सिल्क सिटी में कमरा लिया। होटल स्टाफ के अनुसार रेनू कलिता मंगलवार की सुबह के बाद नहीं दिखाई दी। इस दौरान मनोज पूरे दिन कमरे में रहा और उसका दोस्त राहुल सहित पांच लोग आए।
पांचों लोगों ने साथ ही शराब पी और शाम छह बजे के लगभग चले गए। राहुल के अनुसार मनोज के परिजनों का 7:30 बजे के लगभग उसके पास फोन आया कि वो अवसाद ग्रस्त है, उसे होटल जाकर देखो। राहुल भाग कर होटल आया और मनोज के कमरे का दरवाजा खटखटाया तो नहीं खुला।
होटल स्टॉफ से संपर्क करने पर मास्टर की से मनोज के कमरे का दरवाजा खोला गया तो वह बिस्तर पर निढाल पड़ा हुआ था और चारों तरफ खून बिखरा हुआ था। होटल स्टॉफ की सूचना पर कैंट पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र की।
इस संबंध में एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि दरवाजा बंद था और उसकी चाबी अंदर ही मिली है। होटल के सीसी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है। परिजनों के आने और साथ कमरा बुक कराने वाली युवती से पूछताछ कर मामले को स्पष्ट किया जाएगा।