संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। 29वीं अखिल भारतीय मेघबरन सिंह ठाकुर तेजबहादुर सिंह स्मारक हॉकी टूर्नामेंट में बुधवार को दो मुकाबले खेले गए।
छठवें मैच में पूल-डी में एनसीओई सोनीपत (हरियाणा) ने सीआईएसएफ जालंधर को 2-1 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। सातवें मैच में पूल-ए में स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई ने हॉकी अकादमी मिर्जापुर को 7-1 से एकतरफा मुकाबले में पराजित कर दिया।
पहले मैच के 11वें मिनट में सीआईएसएफ जालंधर को पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिस पर विशाल राणा ने बेहतरीन स्ट्राइक लगाकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद एनसीओई ने दबाव बढ़ाते हुए लगातार हमले किए। तीसरे क्वार्टर के 33वें मिनट में विजय गोंड ने शानदार मूव बनाते हुए फील्ड गोल दागकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। 35वें मिनट में सोनीपत को पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिस पर राहुल राजभर ने सटीक हिट लगाकर टीम को 2-1 की निर्णायक बढ़त दिला दी। अंतिम समय तक सीआईएसएफ बराबरी का गोल नहीं कर सकी और मुकाबला एनसीओई सोनीपत के नाम रहा। मैच में अंपायर रमीज कुरैशी, राजेंद्र सिंह, स्कोरिंग गुरतेज सिंह, टाइमिंग जज सूर्य प्रताप, रिजर्व अंपायर रक्षित सिवाच, टेक्निकल ऑफिसर संदीप पाठक, टेक्निकल डेलीगेट विपुल कुमार सिंह रहे।
वहीं, सातवें मैच (पूल-ए) में स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई ने हॉकी अकादमी मिर्जापुर को 7-1 से एकतरफा मुकाबले में पराजित कर दिया। सैफई टीम ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए मिर्जापुर की रक्षा पंक्ति पर लगातार दबाव बनाए रखा। सैफई के लिए सुनील पाल ने 5वें, 10वें और 20वें मिनट में गोल कर शानदार हैट्रिक पूरी की। 12वें मिनट में प्रदीप यादव ने पेनल्टी कॉर्नर से गोल कर बढ़त को मजबूत किया। मिर्जापुर की ओर से 47वें मिनट में रोहन ने फील्ड गोल कर टीम का एकमात्र गोल दागा। इसके बाद 51वें और 59वें मिनट में अंश यादव ने लगातार दो गोल कर सैफई की जीत को 7-1 तक पहुंचा दिया। इस दौरान हॉकी अकादमी मिर्जापुर के कोच अनवर हुसैन, स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई के कोच रणधीर सिंह रहे। वहीं, अंपायर की भूमिका अमर वर्मा, शुएब, स्कोरिंग जज संदीप पाठक,टाइमिंग जज कवी यादव, रिजर्व अंपायर गुरप्रीत सिंह, टेक्निकल ऑफिसर सूर्य प्रताप सिंह, विपुल कुमार सिंह रहे।