विकास कार्य की हकीकत का पता लगाने शुक्रवार को लोहिया गांव दरेखू पहुंचे मंडलायुक्त नितिन रमेश गोकर्ण ने चौपाल लगाया। इस दौरान वहां मौजूद गांव वालों से सरकारी योजनाओं के हाल पर चर्चा की।
वरासत मामले में लापरवाही बरतने वाले लेखपाल की जांच कर कार्रवाई की जिम्मेदारी एसडीएम राजातालाब को दी। अविवादित वरासत के मामलों को जल्द से जल्द दर्ज कराने का निर्देश दिया।
इस दौरान कमिश्नर ने गांव का निरीक्षण कर सड़क, पानी, सफाई, बिजली आदि कार्यों को देखा।
चौपाल में कमिश्नर ने कहा कि गुणवत्ता में कमी मिलने पर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई होगी। वर्ष 201-15 के चयनित लोहिया गांव में 900 के सापेक्ष अब तक केवल 207 टॉयलेट बने थे।
इस पर नाराजगी जताते हुए कमिश्नर ने शत प्रतिशत टॉयलेट बनाने का निर्देश जिला पंचायत राज अधिकारी को दिया।
ग्राम सभा के अनुसूचित जाति की बस्ती में सीसीरोड का निर्माण अब तक नहीं होने पर ग्रामीण अभियंत्रण सेवा के अभियंता को निर्माण के लिए सात दिन की मोहलत दी।
राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत आंध्र प्रदेश के आई चार सदस्यीय दल ने अपनी कार्ययोजना के बारे में बताया। लोहिया आवास के 35, इंदिरा आवास के 11 आवास बने मिले। हैंडपंप की गुणवत्ता ठीक रही।
किसानों के खातों में बीज सब्सिडी की धनराशि नहीं भेजने की जानकारी पर तत्काल रुपये भेजने को कहा। चौपाल में संयुक्त विकास आयुक्त राजीव बनकटा, एसडीएम राजातालाब त्रिभुवन राम, प्रधान शीला राजभर, सुभाष राजभर शामिल रहे।