स्मार्ट सिटी योजना के लिए शीर्ष 20 शहरों में शामिल न हो पाने का काशी के लोगों को मलाल जरूर है मगर योजना के दूसरे चरण में शामिल होने की उम्मीद अभी खत्म नहीं हुई है। शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान केंद्रीय कैबिनेट सचिव प्रदीप कुमार सिन्हा ने भरोसा दिलाया है कि पहले चरण में जिन शहरों का चयन नहीं हो सका है उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है। अगस्त तक संशोधित प्रस्ताव बनाकर भेजें, उन्हें मौका दिया जाएगा।
दरअसल, गुरुवार को देशभर के 98 शहरों में से पहले चरण के 20 शहरों को स्मार्ट शहर के रूप में विकसित करने के लिए चुना गया है। इस सूची में प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी का नाम नहीं है। नगर निगम की ओर से नगर आयुक्त के प्रतिनिधि एवं राजस्व प्रभारी अविनाश कुमार ने वीडियो कांफ्रेंसिंग में भाग लिया। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश से सचिव नगर विकास एसपी सिंह प्रतिनिधित्व कर रहे थे।
उन्होंने केंद्रीय कैबिनेट सचिव को प्रदेश के शहरों की स्थितियों से अवगत कराया और उपलब्ध सुविधाओं के आधार पर चयन करने का अनुरोध भी किया। सचिवश्री सिन्हा ने कहा कि स्मार्ट सिटी के लिए अभी 80 और शहरों का चयन विभिन्न चरणों में किया जाएगा। ऐसा नहीं कि जिनका चयन नहीं हो पाया है उन्हें मौका नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि अगस्त तक रिवाइज प्रस्ताव बनाकर फिर भेजें।