शृंगार गौरी सहित अन्य मामलों की सुनवाई 31 को
जिला जज संजीव कुमार पांडेय की अदालत में शनिवार को ज्ञानवापी से संबंधित मां शृंगार गौरी सहित अन्य मामलों की सुनवाई हुई। मां शृंगार गौरी की चार वादिनी महिलाओं की ओर से कहा गया कि ज्ञानवापी से संबंधित सभी मुकदमों की सुनवाई इलाहाबाद हाईकोर्ट में कराने के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की गई है। ऐसे में सुनवाई के लिए दूसरी तिथि तय की जाए। अदालत ने सभी मामलों की सुनवाई के लिए 31 अक्तूबर की तिथि नियत कर दी।
वाद मित्र और मसाजिद कमेटी ने दाखिल की आपत्ति
मां शृंगार गौरी मामले की वादिनी की ओर से वर्ष 1991 के लॉर्ड विश्वेश्वरनाथ के मुकदमे को ट्रांसफर कर जिला जज के खुद सुनने की अर्जी पर वाद मित्र विजय शंकर रस्तोगी और अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद कमेटी की ओर से आपत्ति दाखिल की गई है। राखी सिंह की ओर से ज्ञानवापी के बंद तहखानों के सर्वे से संबंधित अर्जी पर भी अदालत में सुनवाई लंबित है। लॉर्ड ज्योतिर्लिंग आदि विश्वेश्वर विराजमान की वाद मित्र अधिवक्ता अनुष्का तिवारी व इंदू तिवारी की तरफ से 1991 के लॉर्ड विश्वेश्वनाथ के वाद को जिला जज की अदालत में स्थानांतरण करने की अर्जी पर भी सुनवाई होनी है।