पुलिस कर रही कार्रवाई
हमले में गंभीर रूप से घायल रेवड़ी तालाब के अंसार अहमद (55) बीएचयू ट्रॉमा सेंटर के आईसीयू में भर्ती हैं। उनके पुत्र अमन कुरैशी ने प्रकाश के खिलाफ भेलूपुर थाने में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया है। इसी तरह से नई बस्ती, रामापुरा के अबु तालिब ने भी प्रकाश के खिलाफ भेलूपुर थाने में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया है।
अबु तालिब के पिता इस्तेयाक अहमद भी फावड़े के वार से गंभीर रूप से घायल हुए थे। अन्य तीन लोगों को मामूली चोट लगी थी। घटना को देखते हुए एहतियातन रेवड़ी तालाब इलाके में पुलिस और पीएसी के जवान तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है। इस संबंध में डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज करा कर उसे जेल भेजा गया है। मुकदमों की विवेचना करा कर जल्द चार्जशीट दाखिल कराई जाएगी। माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों के साथ पुलिस सख्ती से पेश आएगी।
यह भी पढ़ें- मैं जिंदा नहीं छोड़ूंगा... : फावड़ा लेकर सड़क पर दौड़ा नेपाली युवक, पांच लोगों पर हमला; थाने पर भीड़ का हंगामा
नेपाल में दंगा देखा था, मन पर गलत असर पड़ा : प्रकाश को गुरुवार की देर रात पूछताछ के लिए भेलूपुर थाने से लंका थाने ले जाया गया। पूछताछ में पुलिस के अलावा एलआईयू, आईबी और एटीएस की टीम शामिल थी। रात लगभग 12 बजे से सुबह चार बजे तक हुई पूछताछ में स्पष्ट हुआ कि प्रकाश मानसिक रूप से पूरी तरह से स्वस्थ नहीं है।
क्षेत्र में मच गया था हड़कंप
नेपाल में उसने दंगा करीब से देखा था, इसका उसके मन पर गलत असर पड़ा है। इसी के चलते वह धर्म विशेष के लोगों के प्रति गलत धारणा रखता है। उसके मां-बाप और पहली पत्नी की मौत हो चुकी है। उसकी दूसरी पत्नी और तीन बच्चे नेपाल में रहते हैं। तंत्र-मंत्र के साथ ही तांत्रिक क्रिया में प्रकाश की गहरी आस्था है।
बोला, कितने लोग पूछेंगे और क्या-क्या बताएं : लंका थाने में पुलिस, एलआईयू, आईबी और एटीएस की टीम की पूछताछ के दौरान प्रकाश काफी असहज था। झुंझलाते हुए उसने कहा कि कितने लोग हमसे पूछेंगे और हम क्या-क्या बताएं। एक आदमी पूछे तो बताएं। इसके अलावा पूछताछ के दौरान झुंझलाहट में उसने कुछ गलत शब्दों का भी इस्तेमाल किया था। पुलिस अफसरों ने बताया कि प्रकाश से पूछताछ की प्रक्रिया आसान नहीं रही।
एडिशनल सीपी ने की गश्त
नेपाल निवासी प्रकाश कुमार मांझी द्वारा पांच लोगों पर फावड़े से वार किए जाने की घटना के दूसरे दिन शुक्रवार को अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. एस चनप्पा फोर्स के साथ रेवड़ी तालाब पहुंचे। उन्होंने रेवड़ी तालाब और उसके आसपास के इलाके में फोर्स के साथ पैदल गश्त की। स्थानीय लोगों से बात कर उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से रहने की अपील की। पैदल गश्त में डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल, एसीपी भेलूपुर धनंजय मिश्र और भेलूपुर थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ल शामिल रहे।