श्री हनुमान ध्वजा प्रभात फेरी समिति की ओर से 15 दिवसीय हनुमान ध्वजा प्रभात फेरी के तीसरे दिन प्रभात फेरी निकली। मुख्य अतिथि विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी एवं श्री श्याम बाल मंडल के अध्यक्ष संजीव अग्रवाल डब्बू, समाजसेवी अजय गौतम कार्यक्रम संयोजक महेश चौधरी ने श्री हनुमान प्रभु जी के रथ पर विराजमान विग्रह के समक्ष ज्योत प्रज्वलित करके हनुमान जी की आरती की। भक्तों में ध्वजा वितरण किया गया एवं महिला भक्तों को आरती की थाली दी गई।
मंगलवार को निकली यात्रा में श्याम बाल मंडल के भक्त 101 रंग-बिरंगी ध्वजा लिए चल रहे थे। यात्रा गुरुधाम, रविंद्रपुरी, दुर्गाकुंड, त्रिदेव मंदिर होते हुए श्री संकट मोचन मंदिर तक गई। श्री हनुमान जी के चरणों में सभी भक्तों ने ध्वजा अर्पित की। मंदिर प्रांगण में हनुमान चालीसा का पाठ व आरती हुई। सवामनी प्रसाद बूंदी लड्डू का भोग लगा भक्तों में वितरण हुआ। रास्ते भर भजन गायक कृष्णा दाधीच,अमित शर्मा, दिनेश मिश्रा, पवन शर्मा और कृष्ण कुमार शर्मा सुमधुर भजन गाते हुए चल रहे थे। भक्तों द्वारा मार्ग में कई जगह आरती पुष्प वर्षा एवं जल वितरण किया गया। आयोजन में संस्था के संस्थापक अध्यक्ष कौशल शर्मा, सुरेश तुलस्यान, कृष्ण कुमार काबरा,विश्वनाथ पोद्दार, राजेश गट्टानी थे।