हज यात्रा पर जाने की ख्वाहिश रखने वालों का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है। हजयात्रा 2017 के लिए आवेदन प्रक्रिया की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हज कमेटी की वेबसाइट पर आवेदन फार्म जल्द अपलोड कर दिए जाएंगे। दो जनवरी 2017 से हज आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
हज कमेटी ऑफ इंडिया की ओर से मंगलवार को हज आवेदन की तिथियां घोषित की गईं। आवेदन की सुविधा ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से होगी। हज पर जाने के इच्छुक या तो हज की वेबसाइट hajcommittee.gov.in से आवेदन फार्म डाउन लोड कर सकते हैं या फिर ऑनलाइन हज के लिए आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन करने की अंतिम तिथि 24 जनवरी निर्धारित की गई है। इसके बाद सभी आवेदन फार्म स्टेट हज कमेटी लखनऊ में जमा कर दिए जाएंगे। आवेदन फार्म पूरी तरह से नि:शुल्क है।
आवेदन फार्म के साथ फार्म भरने से जुड़े दिशानिर्देश की बुकलेट भी वेबसाइट से डाउनलोड की जा सकती है। बता दें कि हज आवेदकों के पास 24 जनवरी या इससे पहले की तिथि पर जारी पासपोर्ट होना जरूरी है।