ज्ञानवापी प्रकरण से जुड़े सात मुकदमों की एक साथ सुनवाई किए जाने के मामले में शुक्रवार को सुनवाई टल गई। जिला जज डॉ. अजय कृष्ण विश्वेश की अदालत में विचाराधीन इस मामले में सुनवाई की अगली तिथि 22 मई तय कर दी है।
मां शृंगार गौरी प्रकरण की चार वादिनी महिलाओं सीता साहू, मंजू व्यास, लक्ष्मी देवी और रेखा पाठक की ओर से जिला जज की अदालत में आवेदन पत्र दिया गया है। उनकी तरफ से अनुरोध किया गया है कि ज्ञानवापी प्रकरण से जुड़े एक ही प्रकृति के सात अलग-अलग मुकदमों को अन्य अदालतों से तलब कर स्वयं एकसाथ सुनवाई करें। इस पर जिला जज ने अन्य अदालतों में लंबित वादों को अपनी अदालत में तलब किया। अब यह विचार होना है कि सभी मामले एकसाथ सुने जाने योग्य हैं या नहीं। इस मामले में पक्षकारों को वरिष्ठ अधिवक्ता हरिशंकर जैन व सुभाष नंदन चतुर्वेदी ने जवाब दाखिल करने के लिए नोटिस जारी कर अदालत को सूचित करते हुए उसकी प्रति दाखिल कर दी है।