सामूहिक विवाह में आए जोड़े
- फोटो : amar ujala
द्वाबा के सुप्रसिद्ध सिद्धपीठ खपड़िया बाबा आश्रम संकीर्तन नगर श्रीपालपुर पर सोमवार को 101 जोड़े की शादियां धूमधाम से कराई गईं। इसमें सामूहिक विवाह योजना के तहत 65 व श्रम विभाग की तरफ से 28 जोडे़ पंजीकृत थे, जबकि आठ जोड़े पंडाल में खुद ही पहुंचे, जिनकी शादियां कराई गईं।
पंडित आचार्य बुचुल मिश्र की अगुवाई में निर्मल पांडेय, आशु मिश्र, सोनू चौबे, धीरज पांडेय सहित कई ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोचार के बीच 101 जोड़ों की शादी कराई। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में प्रत्येक जोड़े को उनके खाते में बीस हजार रुपये और बर्तन सेट संग गृहस्थी के सामान दिए गए।
वहीं श्रम विभाग की तरफ से प्रत्येक जोड़े के खाते में पैसठ हजार व सात हजार आवभगत में ख़र्च की गई। इसके अलावा जन सहयोग से इकट्ठा सामान पंखा, साड़ी, गैस चूल्हा, गद्दा,रजाई, कम्बल,पायल सहित अन्य घरेलू सामान भी प्रत्येक जोड़े को दिए गए। बैरिया नगर पंचायत अध्यक्ष शांति देवी के तरफ से प्रत्येक जोड़े को एक एक बड़ा बक्सा दिया गया।
इस मौके पर सांसद भरत सिंह, विधायक सुरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे। इस अवसर पर सामूहिक विवाह समारोह को संबोधित करते हुए बैरिया विधायक सुरेन्द्र सिंह ने कहा कि मेरा सपना था कि गरीब बेटियों की शादी कराएं जो बैरिया की जनता ने पूरा कर दी। उन्होंने इस तरह की योजना लागू करने के लिए मुख्यमंत्री को भी धन्यवाद दिया।