विधायक विजय मिश्र का पौत्र विकास।
भदोही के ज्ञानपुर से बाहुबली विधायक विजय मिश्र के पौत्र विकास को उसकी अक्सर कौलापुर रेलवे क्रासिंग स्थित चट्टी पर जाकर चाय-पान करने की आदत ने जेल तक पहुंचा दिया। पुलिस को अब सामूहिक दुष्कर्म मामले के एकमात्र बचे आरोपी विधायक पुत्र विष्णु मिश्र की तलाश है।
विधायक और उनके पुत्र के साथ सामूहिक दुष्कर्म का आरोपी होने के बावजूद विकास उर्फ ज्योति बेफिक्र होकर अक्सर दोस्तों के साथ चट्टी पर जाता था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। हालांकि इस गिरफ्तारी को नाटकीय ढंग से अंजाम देने का भी पुलिस पर आरोप लगा। मगर, आला अफसर इससे इनकार करते रहे। विधायक विजय मिश्र के इर्द-गिर्द अक्सर दिखने वाला विकास उसी कृष्ण मोहन तिवारी का भांजा है, जिनका मकान और अन्य संपत्ति हथियाने के आरोप में विधायक जेल में बंद हैं।
बनारस की गायिका ने उस पर घर छोड़ने के लिए ले जाते समय विधायक पुत्र के साथ मिलकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। सोमवार को विकास पुलिस कस्टडी में खुद को बेगुनाह बताता रहा। साथ ही पुलिस पर थाने बुलाकर गिरफ्तार करने का आरोप भी लगाया। उधर, पुलिस अधीक्षक राम बदन सिंह ने कहा कि पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी विकास की गिरफ्तारी की गई है। इस मामले में फरार विधायक पुत्र को भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।