राष्ट्रीय स्वच्छता अभियान से जुडे 3 पोस्टर का लोकार्पण करती गोवा की राज्यपाल मृदुला सिन्हा
- फोटो : अमर उजाला
बनारस पहुंची गोवा की राज्यपाल मृदुला सिन्हा ने कहा कि झाड़ू लगाने वाला काम कंप्यूटर चलाने से कम महत्वपूर्ण नहीं है। एक आदर्श समाज की स्थापना के लिए हमें सभी कामों को समान गौरव और पहचान देनी होगी। भारतीय संस्कृति ने सदैव स्वच्छता को महत्व दिया है। स्वच्छता ही प्रगति का मूल होता है।
यह भी निश्चित है कि एक दिन की सफाई से अपना कर्तव्य पूरा नहीं होगा। हमें स्वच्छ भारत को अपनी जीवन शैली का अंग बनाना होगा। राज्यपाल ने मारवाड़ी युवा मंच को अपना स्वच्छता दूत मनोनीत किया।
शनिवार को मारवाड़ी युवक संघ भवन में आयोजित राष्ट्रीय स्वच्छता अभियान का शुभारंभ राज्यपाल मृदुला सिन्हा ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। उन्होंने देश के सभी नागरिकों से स्वच्छता को शीर्ष प्राथमिकता प्रदान करने की अपील की। इसके साथ ही मौजूद लोगों ने स्वच्छता की शपथ ली।
संपर्क अभियान से जुड़े तीन पोस्टर का लोकार्पण राज्यपाल ने किया। युवा मंच के अध्यक्ष अनिल के जाजोदिया ने बताया कि संकल्प, संपर्क, संबल, गौरव और सम्मान के पांच सूत्रों के माध्यम से स्वच्छता अभियान के लक्ष्य को पूर्ण किया जा सकता है।
स्लोगन से दिया स्वच्छता का संदेश
राज्यपाल मृदुला सिन्हा को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित करते पदाधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
अनिल के जाजोदिया ने कहा कि एक लाख लोगों को स्वच्छता शपथ दिलाई जाएगी। स्वच्छता संबल अभियान के तहत सफाई से जुड़े संसाधनों का वितरण, स्वच्छता गौरव अभियान के तहत सफाई कर्मियों का सम्मान और स्वच्छता सम्मान कार्यक्रम के तहत सफाई से जुड़े स्वयं सेवकों को सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर स्वच्छता गौरव सम्मान के तहत सफाई कर्मियों को सम्मानित किया गया। सनबीम शिक्षण समूह के अध्यक्ष दीपक मधोक, समाजसेवी अनूप सर्राफ को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम स्थल पर स्वच्छता से जुड़े संदेशों ने सभी को आकर्षित किया।
इसमें स्वतंत्रता है अधिकार, स्वच्छता कर्तव्य..., अपने हाथ पर काबू पाएं, गंदगी दूर भगाएं..., सब मिलकर श्रमदान करें, शहर अपना स्वच्छ करें...आदि स्लोगन के माध्यम से सभी को स्वच्छता का संदेश दिया गया।
पर्यावरण की सुरक्षा और गंदगी को दूर करने के उद्देश्य से कार्यक्रम के दौरान फूलों की सजावट, माला, बुके आदि का इस्तेमाल नहीं किया गया था। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यपाल को भी फलों की डलिया भेंट की गई।