वाराणसी। गोरखा ट्रेनिंग सेंटर में 42 सप्ताह के कठिन प्रशिक्षण के बाद 225 गोरखा जवानों ने शनिवार को पासिंग आउट परेड के दौरान गीता पर हाथ रखकर देश की सुरक्षा की कसम खाई। नेपाली संस्कृति के अनुसार जवानों को उनका परंपरागत हथियार खुकरी भेंट किया गया। प्रशिक्षण के दौरान सराहनीय प्रदर्शन करने वाले जवानों को पुरस्कृत भी किया गया।
39 जीटीसी के परेड ग्राउंड पर शनिवार की सुबह आयोजित कसम परेड की पहली सलामी कार्यवाहक ट्रेनिंग बटालियन कमांडेंट मेजर रणजीत एचएस एवं दूसरी सलामी डिप्टी कमांडेंट कर्नल अमृतपाल सिंह ने ली। सलामी के बाद मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर कुं वर बीरेंद्र सिंह ने परेड का निरीक्षण किया। शानदार
परेड के लिए जवानों को बधाई दी। उन्होंने जवानों से अनुशासन, शारीरिक क्षमता और लक्ष्य के प्रति हमेशा सजग रहने की सीख दी। समारोह के बाद ब्रिगेडियर ने शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित कर आगंतुक पुस्तिका पर हस्ताक्षर किया। समारोह में 39 जीटीसी के अधिकारी, स्कूली बच्चे, एनसीसी कैडेट आदि मौजूद थे। परेड का संचालन उपेन क्षेत्री ने किया।