--सभी केंद्र---
साबरमती आश्रम जाएंगे काशी के प्रधान और गांधीवादी
- बापू की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी रहेंगे मौजूद
- स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के निदेशक ने भेजा पत्र
अमर उजाला ब्यूरो
वाराणसी। काशी से चुनिंदा ग्राम प्रधान और गांधीवादी विचारधारा के लोग दो अक्टूबर को साबरमती आश्रम में होने वाले कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहेंगे। इस आशय का पत्र जिला प्रशासन के पास आया है।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर गुजरात के साबरमती रिवरफ्रंट पर सरकार स्वच्छ भारत दिवस मनाएगी। इस दौरान स्मारक सिक्का और डाक टिकट जारी किया जाएगा। साथ ही 54 देशों में बापू की प्रतिमा के अनावरण की योजना बनाई जा रही है। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के मिशन डायरेक्टर डॉ. ब्रह्मदेव राम तिवारी ने पत्र भेजकर जिला पंचायत राज अधिकारी से 40 लोगों को भेजने को कहा है। इनमें प्रधान, सचिव, स्वच्छाग्रही, महिला स्वयं सहायक समिति के लोग शामिल होंगे। गांधीवादी विचारधारा के सर्वोदय आश्रम, हरिजन सेवक संघ, अंत्योदय संगठनों, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के सदस्यों को भी बुलाया गया है।
गुजरात आने-जाने में होने वाले खर्च का भुगतान आईसीसी मद से होगा। गुजरात में प्रवास के दौरान प्रवास, भोजन आदि की व्यवस्था गुजरात सरकार करेगी। जिला पंचायत अधिकारी शाश्वत आनंद सिंह ने बताया कि पत्र के आधार पर संबंधित लोगों को चुनने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। कुल 40 लोगों को भेजने को कहा गया है। इसमें चुनिंदा लोगों को भेजा जाएगा, ताकि वे काशी का बेहतर ढंग से प्रतिनिधित्व कर सकें।