वसंतोत्सव के साथ ही काशी हिंदू विश्वविद्यालय में उत्साह, उमंग और उल्लास का मौका आ गया है। इस माह परिसर में सांस्कृतिक आयोजनों से युवा मन स्पंदित होगा।
यूं तो बीएचयू का अंतर संकाय युवा महोत्सव ‘स्पंदन 2017’ 18 फरवरी से शुरू हो रहा है लेकिन परिसर में इसी हफ्ते से सांस्कृतिक आयोजनों की धूम होगी। नृत्य संगीत के साथ ही अभिनय और साहित्य में युवा प्रतिभा और हुनर दिखाएंगे, साथ ही स्पंदन में भी दावेदारी पेश करेंगे।
‘स्पंदन 2017’ से पहले बीएचयू के अलग-अलग संस्थानों और संकायों में वार्षिक समारोह का शुभारंभ हो चुका है।
विज्ञान संस्थान के वार्षिक समारोह ‘आकांक्षा 2017’ का आगाज हो चुका है। छह फरवरी से कला संकाय का ‘संस्कृति 2017’ शुरू हो रहा है। इसमें तहत नृत्य, संगीत, साहित्य, दृश्य कला समेत अभिनय से जुड़ी दर्जन भर से अधिक प्रतियोगिताएं होंगी।
इसी तरह आठ फरवरी से सामाजिक विज्ञान संकाय का ‘अभिकल्पन 2017’ शुरू हो रहा है।
इसमें साहित्य, थिएटर, म्यूजिक, डांस, दृश्य कला से जुड़ी 32 प्रतियोगिताएं होंगी। ‘थिंक, क्रिएट एंड इनोवेट’ थीम पर ये प्रतियोगिताएं दस फरवरी से तक चलेंगी।
ऐसे ही कृषि विज्ञान संस्थान का तीन दिवसीय ‘सृष्टि 2017’ भी छह फरवरी से शुरू है। इन वार्षिक समारोहों की बेहतरीन प्रस्तुतियों को ही स्पंदन में जगह मिलनी है। बता दें कि ‘स्पंदन 2017’ 18 से शुरू होकर 22 फरवरी तक चलेगा।