लड़के का हाव भाव लड़की को पसंद नहीं आया
- फोटो : अमर उजाला
जौनपुर जिले के मीरगंज क्षेत्र के एक गांव में आई बारात में दुल्हन ने शादी करने से इंकार कर दिया। उसके परिवार वालों ने बारातियों को बंधक बना लिया। 100 नंबर पर किसी ने फोन कर सूचना पुलिस को दे दी। खबर मिलने पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया, लेकिन लड़की शादी करने के लिए तैयार नहीं हुई।
गांव निवासी एक व्यक्ति की पुत्री की शादी इलाहाबाद जिले के फुलपुर के बरहताकला गांव निवासी मेघनाथ चौहान पुत्र नन्दलाल के साथ तय हुई थी।
बुधवार शाम को बारात जब गांव पहुंची तो घरातियों ने खूब आव भगत की। द्वार पूजा के दौरान लड़के का हाव भाव लड़की को पसंद नहीं आया।
लड़की ने आरोप लगाया की लड़के की मानसिक स्थित ठीक नहीं है। लड़की ने शादी करने से इनकार कर दिया। जानकारी हुई तो बारातियों में हडकंप मच गया। इसके बाद मानमनौवल का दौर शुरु हो गया।
वर पक्ष से कहा गया की लड़की उसके दूसरे भाई से शादी कर ले पर लडकी ने कहा कि अब मैं इस परिवार के किसी लड़के से शादी नहीं करुंगी।
विवाद बढ़ते देख बाराती रात में ही खिसक लिए। वर पक्ष के लोगों को ग्रामीणों ने बैठा लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रात में ही दोनों पक्षों के बीच समझौता करा कर दिया। बाराती रात में बिना विवाह कराए लौट गए।