उदासीन पंथ के श्रीबनखंडी साधुबेला के आठवें पीठाधीश्वर, परिव्राजकाचार्य स्वामी हरिनामदास महाराज का 145वां जयंती महोत्सव शुक्रवार से शुरू हो रहा है। काशी के अलावा पंच के पाकिस्तान में स्थित प्रमुख पीठ में भी अनुयायी गुरु की वंदना करेंगे। तीन दिनों तक विविध अनुष्ठान संपन्न होंगे। देश के विभिन्न शहरों में स्थापित श्रीबनखंडी साधुबेला आश्रमों में पूजन-अर्चन किया जाएगा।
श्रीबनखंडी महादेव साधुबेला आश्रम, भदैनी में शुक्रवार से 14 दिसंबर तक विविध अनुष्ठान आयोजित होंगे। आश्रम के प्रबंधक अनुप लालवानी ने बताया कि शुक्रवार को श्रीमद्भागवत गीता पाठ की शुरुआत होगी और गुरु का पूजन किया जाएगा। अगले दिन अखंड रामचरितमानस पारायण एवं पूजन होगा। अंतिम दिन अखंड पारायण की पूर्णाहुति के साथ भंडारा आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान के सिंध प्रांत के सक्कर जिले में एक टापू पर यह आश्रम स्थित है। इसके अलावा मुंबई, हरिद्वार, वृंदावन, पटियाला, दिल्ली आदि शहरों में आश्रम की शाखाएं हैं, जहां गुरु स्वामी हरिनामदास महाराज की जयंती मनाई जाएगी।