शहर के बढ़ते दायरे और बढ़ती आबादी को देखते हुए वाराणसी में चार नए थाने और पांच नई पुलिस चौकियां जल्द खोली जाएंगी। इनके लिए चिह्नित जमीन पुलिस महकमे को मिलने के बाद इसका प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
एसएसपी नितिन तिवारी ने बताया कि नए थानों और पुलिस चौकियों की कार्ययोजना शासन से हरी झंडी मिलते ही मूर्त रूप ले लेगी।
जिले में अभी 25 थाने और 90 पुलिस चौकियां हैं। प्रस्ताव के तहत बजरडीहा, कैंट रोडवेज, चितईपुर और पुराना पुल पुलिस चौकी को थाना बनाया जाएगा। इन चारों नए थानों के लिए पुलिस विभाग को जमीन मिल गई है।
वहीं, भेलूपुर थाना क्षेत्र में अस्सी घाट, रोहनिया में अखरी, सारनाथ में सथवां, चोलापुर में दानगंज और कपसेठी में कालिका धाम पुलिस चौकी बनाई जाएगी। अखरी चौकी के लिए जमीन मिल गई है, जबकि अस्सी घाट, सथवां, दानगंज और कालिका धाम के लिए भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई प्रक्रिया में है।
छह थाने और एक चौकी नए सिरे से बनेगी
लोहता, रोहनिया, फूलपुर, चौबेपुर, मिर्जामुराद और रामनगर थाने के साथ ही अर्दली बाजार पुलिस चौकी का भवन जर्जर हैं। इन थानों और चौकी की पुरानी इमारत गिराकर नए सिरे से निर्माण कराने की मांग की गई है।
इसके साथ ही जंसा थाने में बैरक, लंका थाना के पुलिस कर्मियों के लिए आवासीय व्यवस्था और फूलपुर थाने में प्रशासनिक भवन बनाने का अनुरोध सरकार से किया गया है।