उत्तर प्रदेश की पूर्व राज्यमंत्री संगीता यादव जलाने के मामले में पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए उनकी सास को गिरफ्तार किया है। इस मामले में ससुर की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है। पति अभी भी फरार है। पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री, मशहूर बिरहा गायक और ललित कला अकादमी की पूर्व उपाध्यक्ष रहीं संगीता यादव 17 सितंबर को झुलस गईं थी।
संगीता ने अपने पति की साजिश से सास एवं ससुर पर दहेज के लिए जलाकर मारने के प्रयास का आरोप लगाया था। संगीता ने जौनपुर जिले के बदलापुर थाना में केस दर्ज कराया था कि 17 सितंबर की रात उनके पति दुर्गेश यादव, ससुर जयनाथ यादव व सास प्रभावती यादव दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर पिटाई करने के बाद रस्सी से बांध कर जलाने का प्रयास किया था।
पढ़ेंः
यूपीः पूर्व राज्यमंत्री संगीता यादव को ससुराल वालों ने जिंदा जलाया, हालत नाजुक
इस घटना में वह झुलस भी गई थी। ससुर जयनाथ यादव को घटना के अगले दिन ही गिरफ्तार कर लिया गया था। जबकि पति दुर्गेश और सास की पुलिस तलाश कर रही थी। पति दुर्गेश अभी भी फरार है।
मछलीशहर क्षेत्र के कठहित खास निवासी संगीता यादव अखिलेश यादव की सरकार के दौरान ललित कला अकादमी की उपाध्यक्ष थीं और उन्हें राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त था। 24 नवंबर वर्ष 2016 को उनकी शादी बदलापुर थाना क्षेत्र के बिठुवा कला निवासी जयनाथ यादव के पुत्र इंजीनियर दुर्गेश यादव के साथ हुई थी।