चुनाव से पूर्व कालीन नगरी में शिक्षक दिवस के दिन आ रहे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव शिक्षकों को सम्मानित करने के बहाने पूर्वांचल में सियासी जमीन साधेंगे। अधिवेशन में पूर्वांचल और प्रयागराज के जिलों के प्रबुद्ध वर्ग को भी संबोधित करेंगे। टिकट के दावेदार इस दौरान शक्ति प्रदर्शन भी करेंगे।
अखिलेश यादव अधिवेशन के बहाने पूर्वांचल के प्रबुद्ध वर्ग को साधने की कोशिश करेंगे। क्योंकि शिक्षक सबसे प्रबुद्ध और समाज का आइना होता है। अखिलेश यादव यह सोचते होंगे कि पूर्वांचल में शिक्षकों का अगर एक बड़ा वर्ग समाजवादी पार्टी से जुड़ता है तो इसका सीधा लाभ आगामी विधानसभा चुनाव में होगा।
इनारगांव में शिक्षकों को सम्मानित करने के साथ दिव्यांग विश्वविद्यालय चित्रकूट के पूर्व कुलपति डॉ. बी पांडेय की पत्नी दिवंगत विमला देवी की प्रतिमा का भी अनावरण करेंगे। इसी बहाने वह ब्राह्मणों को भी साधने का काम करेंगे। अधिवेशन मिर्जापुर मंडल के भदोही में आयोजित हो रही है।
मिर्जापुर में तीन जनपद मिर्जापुर, सोनभद्र और भदोही है। इसके साथ ही पूर्वांचल के वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, मऊ, आजमगढ़, बलिया और चंदौली जैसे जनपदों से भी काफी संख्या में समाजवादी कार्यकर्ता यहां आएंगे। समाजवादी पार्टी की तरफ से प्रदेश भर के शिक्षकों को आमंत्रित किया गया है।
भदोही के इनारगांव में तैयार मंच
- फोटो : अमर उजाला
अखिलेश यादव के भदोही आगमन को लेकर सपा कार्यकर्ता उत्साहित हैं। शिक्षक अधिवेशन स्थल सपा के झंडे और बैनरों से पट गया है। सपा शिक्षक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. बी पांडेय ने कहा कि शिक्षक दिवस पर आयोजित अधिवेशन में सूबे के कोने-कोने से शिक्षक आएंगे। उन्होंने बताया कि अखिलेश यादव शिक्षकों को सम्मानित करने के साथ ही स्व. विमला देवी पांडेय की मूर्ति का अनावरण करेंगे। यह कार्यक्रम अभूतपूर्व होगा। वह शनिवार को सिंहपुर स्थित सपा नेता अंजनी सरोज के आवास पर पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि समाजवाद ही एक मात्र रास्ता है जो भारत की सामाजिक समता, आर्थिक तरक्की और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूती प्रदान कर सकता है।