पहाड़ों पर बर्फबारी और पछुआ हवाओं ने पूर्वांचल में असर दिखाना शुरू कर दिया। इससे बुधवार को तापमान में गिरावट दर्ज की गई तो सुबह घने कोहरे से बसों और ट्रेनों के रफ्तार पर ब्रेक सी लग गई। भदोही में ठंड से एक की मौत हो गई और कोहरे के चलते बस से चार वाहन एक के बाद एक टकरा गए। जगह-जगह हुए अन्य हादसों में एक की मौत हो गई और 11 घायल हो गए।
चंदौली में शंटिंग के दौरान दो इंजन टकरा गए। वाराणसी, चंदौली में स्कूलों के समय में परिवर्तन कर दिया गया। भदोही में आठ तक के स्कूल 22 दिसंबर तक बंद कर दिए गए। वाराणसी के साथ पूर्वांचल के भदोही, चंदौली, गाजीपुर, मऊ, बलिया, जौनपुर में सुबह नौ बजे तक कोहरे का असर रहा। इससे दृश्यता कम होने के कारण वाहन दिन में भी लाइट जलाकर धीमी गति से चले।
ठंड में अलाव की व्यवस्था न होने से भी लोगों को दिक्कत हो रही है। कोहरे से फरक्का एक्सप्रेस, पटना कोटा, पंजाब मेल, अमृतसर एक्सप्रेस, मरुधर एक्सप्रेस और अन्य ट्रेनें घंटों विलंबित चल रही थीं। रोडवेज बसों में भी यात्रियों की संख्या कम होने से राजस्व प्रभावित हो रहा है। वाराणसी और चंदौली जिला प्रशासन ने स्कूलों के समय में परिवर्तन किया है।
कक्षा एक से आठ तक के स्कूूल सुबह दस से दोपहर तीन बजे तक चलेंगे। भदोही में कक्षा आठ तक के स्कूल 22 दिसंबर तक बंद कर दिए गए हैं। भदोही के उपरौठ गांव निवासी रवि शर्मा (42) की बुधवार को ठंड से मौत हो गई। जौनपुर में कोहरे के चलते हादसों में राजनारायण सिंह (52) की मौत हो गई और सात घायल हो गए। वाराणसी-इलाहाबाद राजमार्ग पर दो दुर्घटनाओं में चार लोग घायल हो गए।
औराई के कोठरा के पास अनुबंधित बस से एक के बाद एक चार ट्रक जा भिड़े। इससे हाईवे पर जाम लग गया। बीएचयू के मौसम विज्ञानी प्रो. एसएन पांडेय का कहना है कि पश्चिमी हवाओं के चलते पूर्वांचल के सभी जिलों में ठंड और गलन में बढ़ोत्तरी होने के आसार हैं।
सुबह और शाम को मैदानी इलाकों में कोहरे का असर शुरू हो चुका है। बुधवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम तापमान 9.6 दर्ज किया गया। मंगलवार को अधिकतम तापमान 22 और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस था।