आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में गृह मंत्रालय का राजभाषा विभाग वाराणसी में 13 नवंबर को पहला अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन आयोजित कर रहा है। हस्तकला संकुल में होने वाले दो दिवसीय आयोजन का शुभारंभ गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। इसमें हिंदी से जुड़े देशभर के कई विद्वानों को आमंत्रित किया गया है।
राजभाषा विभाग अपने संवैधानिक दायित्वों के तहत होने वाले सम्मेलन में हिंदी की भूमिका पर चर्चा करेंगे। इसमें गृह मंत्री के अलावा प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, गृह राज्यमंत्री अजय कुमार मिश्रा टेनी, नित्यानंद राय, निशित प्रमाणिक और संसद की समिति के कई सदस्य शामिल होंगे। मुख्य वक्ता के तौर पर पूर्व राज्यपाल केसरीनाथ त्रिपाठी, प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित, विश्वविद्यालयो के कुलपति प्रोफेसर राम मोहन पाठक मौजूद रहेंगे।
पहले दिन 6 सत्र एवं दूसरे दिन 2 सत्रों में स्वतंत्रता संग्राम में हिंदी की भूमिका स्वतंत्रता सेनानियों के बीच हिंदी सेनानियों के बीच हिंदी, विदेशों में हिंदी का महत्व सहित अन्य महत्वपूर्ण विषय रखे जाएंगे।