पिलखिनी और पिंडराई गांव में खेत में खड़ी गेहूं की फसल में शरारती तत्वों ने आग लगा दी। जिससे देखते ही देखते आग ने विकराल रूप में तब्दिल हो गया। आग से पांच बीघा और 10 बिस्वा गेहूं की फसल जल गई।
वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र के पिलखिनी और पिंडराई गांव में गेहूं की खेत में अचानक आग लग गई। आग से पांच बीघा और 10 बिस्वा गेहूं की फसल जल गई।
विज्ञापन
लोहता थाना क्षेत्र के पिलखिनी गांव में हर्ष सिंह के खेत में किसी शरारती तत्व ने आग लगा दी। आग की लपटें देखकर गांव के लोग पानी और लाठी लेकर आग बुझाने दौड़े। हवा तेज होने की वजह से आग की लपटें विकराल होती चली गईं। धीरे-धीरे आग की लपटों ने उनके चार बीघा खेत की फसल और बगल में इंद्राज राजभर के एक बीघा खेत की गेहूं की खड़ी फसल को जद में ले लिया।
किसान हर्ष सिंह और इंद्राज राजभर ने बताया कि 112 नंबर पर फोन किया गया, लेकिन फायर ब्रिगेड की गाड़ी नहीं आईं। पीड़ित परिवारों ने कहा कि फायर ब्रिगेड की गाड़ी आ जाती तो फसल बच जाती।
उधर, फूलपुर थाना क्षेत्र के पिंडराई गांव निवासी जयप्रकाश पाठक के खेत में आग लगने से 10 बिस्वा खेत की गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। पुलिस को दी तहरीर में किसान जयप्रकाश पाठक ने आरोप लगाया कि गांव का ही एक युवक आपसी रंजिश में उनके खेत में आग लगा कर भाग गया।