वाराणसी के वनिता इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन एंड डिजाइन की ओर से रविवार शाम को आयोजित फैशन शो में रैंप पर पंचतत्वों का कदमताल होगा। ‘पंचतत्व: द एलिमेंट्स ऑफ लाइफ’ की थीम पर फैशन डिजाइनिंग की छात्राएं परिधान तैयार करेंगी और उन परिधानों को पहनकर मॉडल रैंप पर कैटवॉक करेंगी।
पृथ्वी, जल, आकाश, अग्नि और वायु को दर्शाते परिधान पर पारंपरिक के साथ इंडो-वेस्टर्न व एथनिक होंगे। 10 राउंड में होने वाले इस फैशन शो में 40 डिजाइनर और 50 मॉडल हिस्सा ले रहे हैं।
वनिता पॉलिटेक्निक लहुराबीर में आयोजित प्रेसवार्ता में मानद संस्थापक निदेशिका प्रो. अन्नपूर्णा शुक्ला और सह निदेशिका इंदिरा मिश्रा ने बताया कि फैशन शो की मुख्य अतिथि एसएनडीटी विमेंस यूनिवर्सिटी मुंबई की कुलपति शशिकला गुलाब राव वंजारी व मिसेज इंडिया फर्स्ट रनर अप रश्मि डिडवानिया होंगी।
फैशन शो में काशी अनाथालय के बच्चे भी रैंप पर उतरेंगे। इस फैशन शो के मीडिया पार्टनर अमर उजाला और रेडियो पार्टनर रेड एफएम 93.5 हैं। उन्होंने बताया कि फैशन शो संस्थान में संचालित चार वर्षीय बी डिजाइन कोर्स का हिस्सा है।