वाराणसी। उत्तर प्रदेश आरक्षी भर्ती परीक्षा में इस बार सरल सवाल पूछे गए, लेकिन सामान्य ज्ञान के कई सवालों को लेकर परीक्षार्थी परेशान दिखे। उन्होंने सवालों के जवाब तो दे दिए, लेकिन प्रति गलत सवाल पर 0.5 अंक कटने का डर सता रहा है। इसके चलते वे परीक्षा केंद्र के बाहर उत्तरों का मिलान करते दिखे।
जनपद के 58 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित इस परीक्षा में 39 हजार 336 परीक्षार्थियों को शामिल होना था। इसमें सभी परीक्षार्थी शामिल हुए। प्रश्नपत्र में कुल 150 बहुविकल्पीय सवाल पूछे गए। एक सवाल सही होने पर दो अंक मिलने हैं, जबकि गलत जवाब पर 0.5 अंक काटा जाना है। परीक्षा में स्त्रीलिंग और पुल्लिंग की पहचान के लिए शब्द दिए गए थे। उत्तर प्रदेश में 23 जुलाई 2014 को राज्यपाल के रूप में किसने कार्यभार ग्रहण किया था। 1658 में बहादुरपुर के युद्ध में शाहजहां के दूसरे बेटे शाह शुजा को शाहजहां के किस पोते ने हराया था। वर्तमान भारत के संविधान में कितने भाग हैं जैसे सवालों शामिल थे।